हाथरस के भाजपा प्रत्याशी राजवीर दिलेर के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत
भाजपा प्रत्याशी राजवीर दिलेर की शैक्षिक योग्यता के मामले में अब चुनाव आयोग से शिकायत की गई है।
हाथरस (जेएनएन)। भाजपा प्रत्याशी राजवीर दिलेर की शैक्षिक योग्यता के मामले में अब चुनाव आयोग से शिकायत की गई है। सपा के नेताओं ने भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए हाथरस के प्रेक्षक रजत कुमार बोस व एडीएम डॉ. अशोक कुमार शुक्ला से लिखित रूप में शिकायत की है। एक पत्र मुख्य निर्वाचन आयुक्त (नई दिल्ली) को लिखकर भाजपा प्रत्याशी का परचा निरस्त कर उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की मांग की है।
यह है मामला
सपा नेताओं ने शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि का पता चलने पर डीएम से मिलने पहुंचे और अपना विरोध जताना चाहा, लेकिन बाहर लगे प्रशासन के अफसरों व पुलिस ने उन्हें अंदर नहीं घुसने दिया। उन्होंने आयोग को लिखे पत्र में प्रशासन की मिलीभगत का भी अंदेशा जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
इन्होंने की शिकायत
सपा के पूर्व उपाध्यक्ष अजय कुमार शर्मा, पूर्व नगर अध्यक्ष कैलाश बिहारी गौड़, पूर्व महासचिव मुनन, सपा कार्यकर्ता महेश चंद्र शर्मा, बालकिशन, प्रवीन आदि ने शिकायत की है। सपा के जिला प्रवक्ता रोहिताश यादव ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखा है।