नवरात्र में अलीगढ़ आ सकते हैं सीएम योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी आदित्यनाथ नवरात्र में अलीगढ़ आ सकते हैं। वे राजा महेंद्र प्रताप राजकीय विश्वविद्यालय और डिफेंस कॉरिडोर जैसे तमाम विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
अलीगढ़ जेएनएन: सीएम योगी आदित्यनाथ नवरात्र में अलीगढ़ आ सकते हैं। वे राजा महेंद्र प्रताप राजकीय विश्वविद्यालय और डिफेंस कॉरिडोर जैसे तमाम विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। सीएम योगी से मिलने गए इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी व जिलाध्यक्ष ऋषिपाल ङ्क्षसह से मुलाकात में ये संकेत दिए हैं। विधायक व जिलाध्यक्ष की मुख्यमंत्री से करीब 20 मिनट मुलाकात हुई। अलीगढ़ के थाना गौंडा में विधायक व एसओ मारपीट प्रकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान और स्वाभिमान से समझौता नहीं करेंगे। कार्यकर्ताओं के साथ गलत हुआ तो दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसमें किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विधायक से ली जानकरी
गौंडा प्रकरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इगलास विधायक व जिलाध्यक्ष को लखनऊ बुलाया था। वहां जिले के प्रभारी गन्ना मंत्री सुरेश राणा के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने सहयोगी से पूरे प्रकरण की जानकारी की। जिले के बारे में भी जानकारी की। कहा, कोई अधिकारी नहीं सुनता है तो जानकारी दें। जिलाध्यक्ष ने राजा महेंद्र प्रताप ङ्क्षसह राजकीय विश्वविद्यालय व डिफेंस कॉरिडोर पर काम शुरू कराने का आग्रह किया। इस दौरान सीएम ने विधायक के साथ संगठन के खड़े होने की तारीफ की।
यह है मामला
जिले के गौंडा थाने में बुधवार दोपहर इगलास के भाजपा विधायक राजकुमार सहयोगी व एसओ अनुज कुमार सैनी में मारपीट हो गई थी। विधायक एक कार्यकर्ता पर दर्ज मुकदमे के विरोध में थाने पहुंचे थे। मारपीट में विधायक के कपड़े फट गए थे। एसओ की नेमप्लेट उखड़ गई। पुलिस के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने में हंगामा किया था। कस्बा के बाजार बंद हो गए। इधर आइजी ने एसओ को निलंबित कर दिया।
विधायक ने पुलिस पर लगाए आरोप
गौंडा क्षेत्र के नगला दरबर निवासी भाजपा कार्यकर्ता रोहित वाष्र्णेय दो अगस्त को बड़े भाई ललित वाष्र्णेय के साथ जिम जा रहे थे। ढांठोली बाइपास पर गौंडा के ही तस्लीम से किसी बात पर कहासुनी हो गई। तस्लीम पक्ष के लोगों ने रोहित व ललित को पीट दिया। रोहित का सिर फट गया और ललित के हाथ की हड्डी टूट गई। ललित ने तस्लीम खान, निजाम, मंगला, नसरुद्दीन व यूनिस के खिलाफ गौंडा थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इसी मामले में तीन अगस्त को तस्लीम खान के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रोहित, ललित व पड़ोसी केके शर्मा पर घर में घुसकर मारपीट करने का मुकदमा लिख लिया। अस्पताल में भर्ती होने से रोहित को इसकी जानकारी को हुई। उसने इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी को बताया।विधायक राजकुमार सहयोगी थाने पहुंचे। यहां एसओ अनुज कुमार सैनी और विधायक के बीच नोकझोंक हो गई।
विधायक ने थप्पड़ मारा
एसओ का आरोप है कि विधायक ने उन्हेंं थप्पड़ मारा, जिसमें नेमप्लेट भी उखड़ गई। विधायक का कहना है कि एसओ ने पैसा लेकर भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। बात करने पहुंचे तो एसओ ने कहा कि ऐसा ही करेंगे। विरोध करने पर एसओ, दारोगा देवेंद्र व विवेक ने पकड़कर उनसे मारपीट की। उनका कुर्ता फट गया। घटना के बाद सैकड़ों कार्यकर्ता इकट्ठा थाने पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। बाजार बंद हो गए। कुछ देर बाद सांसद सतीश गौतम, बरौली विधायक दलवीर सिंह व खैर विधायक अनूप वाल्मीकि थाने पहुंच गए।