मौसम का मिजाज बदला: रुक रुक कर हो रही बारिश Aligarh News
सावन में भी मौसम का मिजाज बार-बार बदल रहा है। आसमान में बादल ऐसे छाते हैं कि बरस पड़ेंंगे। रविवार काेे रुक रुक कर बारिश हुई।
अलीगढ़ जेएनएन: सावन में भी मौसम का मिजाज बार-बार बदल रहा है। आसमान में बादल ऐसे छाते हैं कि बरस पड़ेंंगे। रविवार काेे रुक रुक कर बारिश हुई। वातावरण में उमस बढ़ रही है, धान की रोपाई कर रहे किसान परेशान हैं। नलकूप लागत बढ़ा रहे हैं।
सुबह से ही छाए बादल
मंगलवार को भी सुबह से ही बादल छाए थे। मध्यम गति से हवा चल रही थी। नौ बजे बाद बादल छंटने लगे। 10 बजे तक धूप खिलखिला उठी। शाम पांच बजे तक मौसम ऐसा ही रहा। बादल फिर घिर आए और कुछ देर बाद बूंदाबांदी होने लगी। शहर के क्वार्सी, सिविल लाइंस, एटा चुंगी इलाकों में ही बूंदाबांदी हुई। बाकी क्षेत्र सूखे रहे। ठंडी हवा चलने से गर्मी से राहत मिली। देहात में हल्की बारिश हुई। किसानों का कहना है कि यही हाल रहा तो धान की पौध मारी जाएगी। बिजली भी पर्याप्त नहीं मिल रही है, जिससे नलकूप चला सकें। मौसम वैज्ञानिक अगले दो दिनों में भारी बारिश की संभावना जता रहे हैं।
गुल हुई बिजली
तेज हवाएं चलने से बिजली व्यवस्था लडख़ड़ा गई, जिससे कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई। न्यू राजेंद्र नगर में दोपहर तीन बजे बिजली चली गई। स्थानीय लोगों ने विभागीय अधिकारी, कर्मचारियों के फोन खटखटाने शुरू कर दिए। बताया गया कि फॉल्ट होने से दिक्कत आई है। चार घंटे तक इलाके में आपूर्ति ठप रही। सासनीगेट के आवास विकास, पला रोड, भगवान नगर के अलावा गांधीपार्क क्षेत्र के कई इलाकों में बिजली नहीं आई।