CAA : क्षतिपूर्ति के लिए उपद्रवियों को भेजे जा रहे नोटिस Aligarh News
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर शहर में हुए बवाल में सरकारी संपत्ति के नुकसान की भरपाई के लिए पुलिस प्रशासन उन सभी लोगों को नोटिस भेज रहा है
अलीगढ़ [जेएनएन] : नागरिकता संशोधन कानून को लेकर शहर में हुए बवाल में सरकारी संपत्ति के नुकसान की भरपाई के लिए पुलिस प्रशासन उन सभी लोगों को नोटिस भेज रहा है, जो बवाल में चिह्नित हुए थे और मुकदमा दर्ज हुआ था।
यह है मामला
15 दिसंबर को एएमयू और 20 को शाहजमाल में हुए बवाल में 1.83 लाख रुपये की सरकारी संपत्ति का नुकसान हुआ था। इनमें आरएएफ के छह वाहनों में 1.15 लाख का नुकसान हुआ। शाहजमाल में 20 दिसंबर को चार सीसीटीवी, 12 कुर्सी व एक यातायात बैरियर को क्षति पहुंचाई गई थी। इसमें करीब 68 हजार का नुकसान हुआ।
शाहजमाल में 35 चिह्नित व एएमयू बवाल में 78 नामजद
शाहजमाल पथराव में पुलिस ने वीडियोग्र्राफी के आधार पर 35 लोग चिह्नित किए गए थे, जिनकी पहचान भी कर ली गई है। एएमयू बवाल में दर्ज दो मुकदमों में 78 लोग नामजद हैं। 1300 अज्ञात लोगों में से भी कई की पहचान हो चुकी है। इन सभी को नोटिस भेजे जा रहे हैं।
जुर्माना कम करने के लिए करेंगे प्रशासन से बात : शहर मुफ्ती
शहर मुफ्ती खालिद हमीद ने बताया कि प्रशासन की ओर से कुछ लोगों को नुकसान की भरपाई के लिए जुर्माना लगाया गया है। ऐसे लोगों पर जुर्माना कम करने के लिए प्रशासन से बात की जाएगी।