Clean Survey : आकर्षण बिखेर रहीं इमारतें, सड़कों से छंटने लगी धूल Aligarh news
स्वच्छ सर्वेक्षण की परीक्षा में अव्वल आने के लिए नगर निगम हर पैंतरा अपना रहा है। एक ओर इमारतों को आकर्षक बनाने के लिए रंग रोगन हो रहा है तो दूसरी ओर सफाई पर भी जोर दिया जा रहा है।
अलीगढ़, जेएनएन : स्वच्छ सर्वेक्षण की परीक्षा में अव्वल आने के लिए नगर निगम हर पैंतरा अपना रहा है। एक ओर इमारतों को आकर्षक बनाने के लिए रंग रोगन हो रहा है तो दूसरी ओर सफाई पर भी जोर दिया जा रहा है। वो मशीनें भी अब सड़क पर धूल साफ करते नजर आ जाती हैं, जिनके अब तक नाम ही सुने थे। निगम अधिकारियों की कोशिश यही है कि इस बार परीक्षा में सबसे अधिक अंक मिले। पिछली परीक्षा में अलीगढ़ प्रदेश में तीसरे स्थान पर था।
नगर निगम की टीमें संवार रही शहर
नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह के निर्देश पर नगर निगम की टीमें शहर को संवारने में जुटी हैं। इसी क्रम में सेवाभवन के बाहर की दीवारों पर थ्री डी वाल पेटिंग कराई गई है। इस पर 'एक कदम स्वच्छता की ओर' स्लोगन भी लिखा है। इसके अलावा जगह-जगह दीवारों पर भी आकर्षक पेंटिंग कराई गई है। सफाई व्यवस्था को भी दुुरुस्त करने की कवायद शुरू हो चुकी है। पिछले ही दिनों कमिश्नर गौरव दयाल ने प्रमुख मार्गों पर मैकेनिकल मशीनों से सफाई कराए जाने के निर्देश दिए थे। इस पर नगर आयुक्त ने रूट निर्धारित करते हुए तीन मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों से सफाई कराने के दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त की देखरेख में रात वक्त के सड़कों की सफाई कराई जा रही है। जीटी राेड, रामघाट रोड, लालडिग्गी, केला नगर, जेल ओवरब्रिज, अनूपशहर बाईपास आदि मार्गों पर सफाई कार्य कराया गया।
20 तक चलेगा अभियान
नगर आयुक्त ने कहा कि सड़कों की सफाई के लिए 20 मार्च तक युद्धस्तर पर अभियान चलाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। सड़कों को स्वच्छ रखने में शहरवासियों को भी सहयोग करना चाहिए। घर की तरह अपने शहर को साफ-सुधरा बनाने के दायित्व को समझने की जरूरत है। क्योंकि नगर निगम पेंटिंग, रैली आदि के जरिए स्वच्छता की भावना को जागृत तो कर सकता है, लेकिन स्वच्छता को आदत बनाने के लिए शहरवासियों को स्वयं प्रयास करने होंगे। तभी शहर स्वच्छ और सुंदर बनेगा।