सीएए समर्थकों की फौज तैयार करेगी भाजपा Aligarh news
भाजपा सीएए समर्थकों की फौज तैयार करेगी। गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को सीएए के बारे में जागरूक करेगी।यह मुहिम 10 फरवरी तक चलेगी।
अलीगढ़ [ जेएनएन ] : भाजपा सीएए समर्थकों की फौज तैयार करेगी। गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को सीएए के बारे में जागरूक करेगी। कार्यकर्ता बताएंगे कि सीएए से किसी की नागरिकता नहीं जाएगी। विपक्ष भ्रम पैदा करके माहौल खराब करना चाह रहा है। यह मुहिम 10 फरवरी तक चलेगी। इसके लिए भाजपा ने विधानसभा क्षेत्र वाइज प्रभारी नियुक्त किए हैैं, जिससे जनसंपर्क अभियान को तेज धार दी जा सके।
सीएए लागू होने के बाद से ही पूरे देश में जबर्दस्त विरोध हुआ था। अभी भी तमाम शहरों में लोग धरना जमाए बैठे हैं। अलीगढ़ में एएमयू, शाहजमाल स्थित ईदगाह पर धरना चल रहा है। भाजपा सीएए के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चला रही है। इसमें जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, सांसद और विधायक के साथ ही बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को लगाया गया है। इन्हें प्रतिदिन 100 लोगों से मिलकर सीएए के बारे में बताना है। टोल फ्री नंबर 8866288662 पर मिस कॉल करके समर्थन भी जताना है।
सीएए के साथ सरकार के बड़े निर्णयों पर भी चर्चा
भाजपा कार्यकर्ता सीएए के साथ ही सरकार के बड़े निर्णयों पर भी चर्चा करेंगे। इसमें श्रीराम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370, 35ए, तीन तलाक शामिल है। भाजपा शीर्ष नेताओं का मानना है कि देश के ये ऐसे मुद्दे हैं, जिसके बारे में प्रत्येक व्यक्ति को जानकारी होनी चाहिए।
इन्हें मिली है जिम्मेदारी
विधानसभा क्षेत्र,प्रभारी
बरौली,गौरव शर्मा
खैर,श्यौराज सिंह
छर्रा,गोपाल सिंह
इगलास,हेमंत राजपूत
खैर,ऋषिपाल सिंह
भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह, सीएए के खिलाफ विपक्षी कुप्रचार कर जनता को बरगला रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव में जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैैं।
सीएए के बारे में प्रधानमंत्री को देंगे बधाई
नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में युवा प्रधानमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित करेंगे। भाजयुमो की टीम शहर के गली-मुहल्ले तक पहुंचकर लोगों को सीएए के बारे में बताएगी। टोल फ्री नंबर पर मिस कॉल के माध्यम से पीएम को बधाई संदेश पहुंचाया जाएगा। भाजयुमो महानगर अध्यक्ष निखिल माहेश्वरी ने कहा कि अलीगढ़ से सबसे अधिक युवा पीएम तक बधाई संदेश पहुंचाएंगे। मीडिया संपर्क प्रमुख वैभव गौतम ने कहा कि सीएए के समर्थन में पूरा देश है, सिर्फ कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष मधुलिका राघव ने कहा कि महिलाओं को भी जागरूक किया जाएगा।