अलीगढ़ में दमदारी सेे भाजपा पंचायत चुनाव लड़ेगी
पंचायत चुनाव को विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल मान रही है। इसलिए पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियों में जुट गई है। प्रदेश नेतृत्व ने भी चुनाव को पूरी दमदारी से लड़ने का निर्णय लिया है। 10 जनवरी को कोर कमेटी की बैठक होगी।
अलीगढ़, जेएनएन। भाजपा पंचायत चुनाव को विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल मान रही है। इसलिए पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियों में जुट गई है। प्रदेश नेतृत्व ने भी चुनाव को पूरी दमदारी से लड़ने का निर्णय लिया है। 10 जनवरी को चुनाव की तैयारी को लेकर कोर कमेटी की बैठक होगी।
पंचायत चुनाव की भाजपा ने तैयार की रणनीति
2017 में विधानसभा चुनाव में दमदार जीत के बाद से ही भाजपा ने प्रदेश में अपनी रणनीति बदल दी थी। सहकारिता, भूमि विकास बैंक आदि चुनाव में भाजपा पहले कभी कोई रुचि नहीं लेती थी। कुछ जगहों पर प्रत्याशी उतारे जाते थे तो करारी शिकस्त खानी पड़ती थी। मगर, योगी सरकार के आने के बाद से पार्टी सभी चुनाव दमदारी से लड़ रही है। कुछ महीने पहले हुए भूमि विकास बैंक में पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया। विधान परिषद शिक्षक और स्नातक चुनाव में भी भाजपा पूरे प्रदेश में दमदारी से चुनाव लड़ी और जीत दर्ज की। अब पंचायत चुनाव को लेकर भी पार्टी ने निर्णय लिया है कि वह मजबूती से चुनाव लड़ेगी। चर्चा है कि जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी पार्टी घाेषित करेगी। इसके लिए संगठनात्मक रुप से तैयारियां शुरू हो गईं हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी सदस्यों वाली पार्टी है। पार्टी का लगातार जनाधार बढ़ रहा है।
भाजपा कर रही गरीबों का हित
पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में जनता के हित में तमाम कार्य हो रहे हैं। उसी का परिणाम है कि पार्टी के प्रति लोग आशांवित हैं। ऐसे में संगठन ने पंचायत चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ने का निर्णय ले लिया है। चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कहा कि जिले की पूरी टीम चुनाव को लेकर तैयार है। 10 जनवरी को कोर कमेटी की बैठक बुलाई गई है। क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी के आने की संभावना है। बैठक में प्रमुख कार्यकर्ताओं को चुनाव से संबंधित जिम्मेदारी भी दी जा सकती है।