अलीगढ़ में भाजपा संगठन मंत्री ने जिलाध्यक्ष के लिए टटोली कार्यकर्ताओं की नब्ज Aligarh News
भाजपा में जिला और महानगर अध्यक्ष पद को लेकर सरगर्मी तेज है। दावेदार संघ के पदाधिकारियों से लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तक पैरवी कर रहे हैं।
अलीगढ़ (जेएनएन): भाजपा में जिला और महानगर अध्यक्ष पद को लेकर सरगर्मी तेज है। दावेदार संघ के पदाधिकारियों से लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तक पैरवी कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों से भी तालमेल बिठा रहे हैं। वहीं, कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने को क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह दो दिन से अलीगढ़ में हैं। वे हर मंडल अध्यक्ष से टोह ले रहे हैं। बातचीत से वे तय कर रहे हैं कि किसके पक्ष में सहमति बन रही है। यहां से टोह लेने के बाद संभावित नाम लखनऊ भेजेंगे। सूत्र बताते हैं कि भवानी सिंह से मंडल अध्यक्षों ने सक्रिय और निष्ठावान कार्यकर्ता को अध्यक्ष बनाने की पैरवी की है।
आधा दर्जन से ज्यादा दावेदार
भाजपा में 16 नवंबर तक नया जिलाध्यक्ष चुनाव जाना था। मगर, राममंदिर के फैसले के चलते यह चुनाव टल गया। अब 25 तक जिलाध्यक्ष का चुनाव हो जाएगा। इसके लिए दावेदार पूरी ताकत लगाए हुए हैं। ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह दो दिन से अलीगढ़ में डेरा जमाए हुए हैं। शनिवार रात 10 बजे उन्होंने जीटी रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में महानगर के सातों मंडल अध्यक्षों से व्यक्तिगत बातचीत की। उनसे महानगर अध्यक्ष के बारे में टोह ली। महानगर में आधा दर्जन से ज्यादा दावेदार हैं। रविवार को फिर जिले के सभी मंडल अध्यक्ष बुलाए। भवानी सिंह ने उनसे भी एक-एक कर बात की। मंडल अध्यक्षों से मन की बात जानी कि जिले की कमान कौन अच्छी तरह से संभाल सकेगा। क्षेत्रीय संगठन मंत्री राज पैलेस भी गए। वहां एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया से भी बातचीत की। जिले के कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने के बाद यहां से गए नामों पर चर्चा की जाएगी। 25 नवंबर तक जिला और महानगर अध्यक्षों की घोषणा हो जाएगी।
अध्यक्षों ने भी ठोक रखा है दावा
वैसे तो दोनों पद के लिए एक दर्जन से अधिक दावेदार हैं। मगर, वर्तमान अध्यक्षों ने दावा ठोक रखा है। जिलाध्यक्ष ठा. गोपाल सिंह और महानगर अध्यक्ष डॉ. विवेक सारस्वत का यह पहला कार्यकाल है। पार्टी के संविधान के अनुसार वह दोबारा भी अध्यक्ष रह सकते हैं। इसलिए पार्टी सबसे पहले इनके नामों पर विचार कर सकती है।
चुनाव की बिछाई जा रही विसात
भाजपा ने अभी से 2022 के विधानसभा चुनाव की विसात बिछानी शुरू कर दी है। इसलिए पार्टी ऐसा अध्यक्ष बनाना चाहती है जो सभी में तालमेल बिठा सके और संगठन का कार्य भी बखूबी कर सके। कार्यकर्ताओं में उसकी मजबूत पकड़ हो। जिलाध्यक्ष पद के दावेदार आरएसएस के नेताओं से भी पैरवी करा रहे हैं। जो द्वारिकापुरी स्थित संघ कार्यालय प्रतिदिन पहुंचकर संघ के प्रचारक और पदाधिकारी से मिलकर अपनी बात रख रहे हैं।
ये हैं दावेदार
जिले में ऋषिपाल सिंह, गौरव शर्मा, शेर सिंह, शशि सिंह ठा. श्यौराज सिंह तथा महानगर में संजय गोयल, डॉ. राजीव अग्रवाल, मानव महाजन, मनीष राय, मनोज शर्मा, सुबोध स्वीटी, मनोज अग्रवाल भट््ठे, सुशील मित्तल आदि हैं।
20 को होगा नामांकन और चुनाव
जिला और महानगर अध्यक्ष पद के लिए 20 नवंबर को नामांकन होगा। जिला चुनाव अधिकारी अमित अग्रवाल ने बताया कि जिलाध्यक्ष और प्रदेश परिषद सदस्य का चुनाव 20 नवंबर को जापान हाउस स्थित कार्यालय पर होगा। नामांकन की प्रक्रिया सुबह 11 बजे शुरू होगी। दोपहर एक बजे बाद से नामांकन पत्रों की जांच होगी। यदि देरी हुई तो चुनाव दूसरे दिन होगा। चुनाव में दो बार के सक्रिय सदस्य और छह वर्ष का प्राथमिक सदस्य ही जिलाध्यक्ष पद हेतु नामांकन कर सकेगा। अमित अग्रवाल ने बताया कि 25 मंडल अध्यक्ष व नवनिर्वाचित 27 जिला प्रतिनिधि मतदान कर सकेंगे।