Panchayat elections : भाजपा ने बनाई रणनीति, बूथ टोली की होगी अहम भूमिका Aligarh news
भाजपा ने मतदान को लेकर प्रभावी रणनीति बनाई है। बूथ टोलियों को सक्रिय किया गया है। गुरुवार को सुबह से ही टोलियां मतदाताओं को निकालने में जुट जाएंगी। वहीं पार्टी के सभी जनप्रतिनिधियों ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी करके मतदान की अपील की है।
अलीगढ़, जेएनएन । भाजपा ने मतदान को लेकर प्रभावी रणनीति बनाई है। बूथ टोलियों को सक्रिय किया गया है। गुरुवार को सुबह से ही टोलियां मतदाताओं को निकालने में जुट जाएंगी। वहीं, पार्टी के सभी जनप्रतिनिधियों ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी करके मतदान की अपील की है।
दमदारी से लड़ रही भाजपा
भाजपा ने जिले की सभी 47 जिला पंचायत सदस्याें की सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। पहली बार भाजपा दमदारी से चुनाव लड़ रही है। जिले में वार्ड नंबर आठ और 47 नंबर सीट काफी अहम मानी जा रही है। इसलिए इन सीटों पर काफी कड़ा मुकाबला है। हालांकि, भाजपा किसी भी सीट को कमतर मानकर नहीं चल रही है। पार्टी ने जिले में 2000 बूथों के प्रभारी और उनकी टीम को सक्रिय किया है। बूथों की 20 सदस्यीय टोली सुबह सात बजे से निकलेगी, जो घर-घर जाकर मतदाताओं को निकालने का काम करेंगे। वहीं, पंचायत संयोजक भी अपने वार्ड के अनुसार भ्रमण करेंगे। जिले के पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है। सभी की कोशिश रहेगी कि वह मतदाताओं को अधिक से अधिक घरों से निकालकर मतदान केंद्रों तक पहुंचाएं।
दो सीटों पर है सभी की निगाहें
जिले के वार्ड नंबर आठ और 47 पर सभी की निगाहें हैं। वार्ड नंबर आठ से भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेश भारद्वाज की पुत्रवधू खुशबू शर्मा मैदान में हैं। वहीं, वार्ड 47 से एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया की समधन तथा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष ठा. श्यौराज सिंह की पत्नी विजय सिंह चुनाव लड़ रही हैं। इसलिए दोनों सीटों पर भाजपा ने पूरी ताकत झोंक रखी है। जिले के लोगों में भी इन दोनों सीटों को लेकर काफी दिलचस्पी है।
सुरक्षित रहें, मतदान जरूर करें
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने मतदाताओं से मतदान की अपील की है। उन्होंने सभी से कहा है कि वह मतदान केंद्रों पर मास्क लगाकर पहुंचे। शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करें। पहले मतदान फिर जलपान का नारा भी दिया।