एसपी की कार पर पथराव करनेे वाले AMU छात्र नेता के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज, पुलिस ने JNU में किया संपर्क
(एएमयू) में विवादित बयान देने वालेे छात्रनेता व ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) के पश्चिमी उत्तर प्रदेश (यूथ) प्रभारी फरहान जुबेरी एएमयू बवाल में भी शामिल था। पुलिस की टीम दिल्ली के जेएनयू में भी संपर्क कर रही है।
अलीगढ़, जेएनएन। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में विवादित बयान देने वालेे छात्रनेता व ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) के पश्चिमी उत्तर प्रदेश (यूथ) प्रभारी फरहान जुबेरी एएमयू बवाल में भी शामिल था। एएमयू में ही एसपी सिटी की कार पर किए गए पथराव में भी फरहान नामजद था। उस पर कुल 12 मुकदमे थे। इसमें एक मामले में फाइनल रिपोर्ट, चार में चार्जशीट व सात की जांच चल रही है। फरहान मास्टर ऑफ सोशल वर्क का छात्र है। वह बदायूं का रहने वाला है। अब सिविल लाइन में उस पर 13वां मुकदमा दर्ज हुआ है। उसकी तलाश में दो टीमें लगी हुई हैैं। पुलिस ने जेएनयू में भी संपर्क किया है।
एएमयू में एमएसडब्लू का छात्र है आरोपित
15 दिसंबर 2019 की रात एएमयू में जमकर बवाल हुआ था। पुलिस ने छात्रों को रोकने का प्रयास किया तो पथराव किया गया। एसपी सिटी की गाड़ी पर पथराव में भी शामिल रहा था। मई में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। फरहान जुबेरी पर सिविल लाइन में ही 12 मुकदमे दर्ज किए गए। फरहान बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और यहां अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ सोशल वर्क कर रहा है। सीएए के आंदोलन के दौरान जिनते भी प्रदर्शन हुए उनमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता था। थाना सिविल लाइन पुलिस ने मई में उसे गिरफ्तार किया था। सितंबर के अंत में वह जमानत पर बाहर आ गया। इसके बाद गुरुवार को फ्रांस के खिलाफ किए गए प्रदर्शन का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें जुबेरी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा था कि अगर कोई इनका अपमान करेगा तो उसका सर कलम कर देंगे। अगर कोई पैगंबर मुहम्मद की तरफ एक उंगली भी उसकी उंगली तोड़ देंगे। अगर कोई आंख उठाकर देखेगा तो आंखें निकाल लेंगे। क्योंकि हमारी बुनियाद कलम से है। इस वीडियो के आधार पर छात्र नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ अनिल समानिया ने बताया कि दो टीमें लगी हुई है। सर्विलांस की टीम भी जांच कर रही है।
बदायूं जाने की तैयारी में पुलिस
सोमवार को पुलिस की जांच में सामने आया था कि फरहान अलीगढ़ से बाहर है। लेकिन, मंगलवार को कुछ छात्रों ने बताया कि फरहान एएमयू में ही है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो रही। वहीं बदायूं में भी पुलिस की टीम भेजने की तैयारी है। दिल्ली के जेएनयू में भी पुलिस संपर्क कर रही है।