Move to Jagran APP

अलीगढ़ में लोकसभा चुनाव से पहले जीत का मंत्र फूंकेंगे अमित शाह और योगी

छह फरवरी को होने वाले बूथ सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी मंत्र को कार्यकर्ताओं के साथ फूंकेंगे। नारा भी देंगे, फिर एक बार मोदी सरकार ।

By Mukesh ChaturvediEdited By: Published: Sun, 03 Feb 2019 08:05 PM (IST)Updated: Mon, 04 Feb 2019 07:46 AM (IST)
अलीगढ़ में लोकसभा चुनाव से पहले जीत का मंत्र फूंकेंगे अमित शाह और योगी
अलीगढ़ में लोकसभा चुनाव से पहले जीत का मंत्र फूंकेंगे अमित शाह और योगी

अलीगढ़ (जेएनएन)।  'बूथ जीतो चुनाव जीतो, मेरा बूथ सबसे मजबूत ' का नारा देने वाली भाजपा लोकसभा चुनाव से पहले दांव खेलने में जुट गई है। छह फरवरी को होने वाले बूथ सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी मंत्र को कार्यकर्ताओं के साथ फूंकेंगे। नारा भी देंगे, फिर एक बार मोदी सरकार ।

loksabha election banner

राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाते होगी पहली सभा

राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाते अलीगढ़ में अमित शाह की पहली सभा होगी। इसे लेकर कार्यकर्ताओं में जोश है। 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले शाह ने गायत्री पैलेस में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकी की थी, तब प्रदेश प्रभारी थे और जीत का मंत्र देकर गए। मोदी लहर में भाजपा प्रत्याशी सतीश गौतम ने 2.87 लाख से अधिक की मतों से जीते। उस लोकसभा चुनाव में ब्रज क्षेत्र की 13 सीटों में से 10 भाजपा ने जीती थीं। इनमें अलीगढ़, आगरा, मथुरा, हाथरस, एटा, बरेली, पीलीभीत, आंवला व शाहजहांपुर की शामिल हैं। फीरोजाबाद, मैनपुरी व बदायूं की सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। सपा-बसपा के गठबंधन के बाद इस बार लोकसभा चुनाव भाजपा के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है, फिर भी 13 सीट जीतने का लक्ष्य रखा है। गठबंधन को हराने के लिए भाजपा ने सवर्ण आरक्षण के साथ अंतरिम बजट में किसान, मजदूर व मध्यम वर्ग को सौगात देकर लुभाने का प्रयास किया है।

बूथ जीतने पर जोर

भाजपा का मानना है कि बूथ जीत लिया तो चुनाव भी जीतेंगे। इसके लिए ही छह फरवरी को तालानगरी में चाहर एकेडमी के पास खाली मैदान में बूथ सम्मेलन किया जा रहा है, जिसमें ब्रज क्षेत्र के 17 जिलों (12 प्रशासनिक जिले) के बूथ अध्यक्ष व बूथ प्रभारियों को आमंत्रित किया गया है। सम्मेलन में 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है। 30 हजार से अधिक कुर्सियों का इंतजाम किया जा रहा है।

एटा में नुमाइश के चलते अलीगढ़ में कार्यक्रम

भाजपा का बूथ सम्मेलन एटा में प्रस्तावित था, लेकिन वहां के मैदान में नुमाइश चल रही है। मैदान खाली न होने से इसे पहले कासगंज में करने की बात चली, लेकिन वहां सम्मेलन हो चुका है। इसके बाद ही अलीगढ़ में  कार्यक्रम तय हुआ। यहां नुमाइश मैदान में नुमाइश चलने के कारण तालानगरी के पास तय किया गया है। शनिवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह, पूर्व संगठन मंत्री लखपत सिंह, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, कासगंज प्रभारी डॉ. राजीव अग्रवाल, डॉ. मानवेंद्र सिंह ने मैदान का भ्रमण कर तैयारियां शुरू कराईं।

नगर निगम ने संभाली कमान

सम्मेलन की तैयारी के लिए जिला प्रशासन ने ताकत झोंक दी है। मैदान को तैयार करने के लिए नगर निगम ने जोनल सेनेटरी ऑफिसर इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में टीम को लगाया है। मैदान को समतल व साफ कराने के लिए पांच जेसीबी, दो बॉबकट, चार ट्रिपर, पांच ट्रैक्टर ट्रॉली व 50 सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं। देर रात तक मैदान में काम जारी रहा।

चाक चौबंद सुरक्षा

सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। अलीगढ़ के साथ दूसरे जिलों से भी पुलिस की मांग की गई है। मैदान पर अभी से पुलिस ने नजर रखना शुरू कर दिया है। किसी भी तरह के खतरे से निपटने के लिए बम निरोधक दस्ता, कमांडो, आरएएफ, पीएसी की तैनाती की जाएगी। एसएसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि बाहर से फोर्स की मांग की गई है।

भाजपाइयों को मिलेगा कार्ड से प्रवेश

कार्यक्रम में बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रभारी को ही प्रवेशिका से प्रवेश मिलेगा। कार्यक्रम स्थल पर 14 ब्लॉक बनाए जाएंगे। मैदान में पीएम मोदी, सीएम योगी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, प्रदेश प्रभारी जेपी नड्डा के कटआउट नजर आएंगे। केंद्रीय व प्रदेश की  योजनाओं से जुड़े होर्डिंग-बैनर भी लगाए जाएंगे। पूरा मैदान केसरिया के रंग में नजर आएगा।

दो बनाए जाएंगे हेलीपैड

सम्मेलन में आने वाले वीआइपी के लिए दो हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। एक धनीपुर हवाई पट्टी व दूसरा कार्यक्रम स्थल पर होगा। कार्यक्रम के सर्व व्यवस्था प्रमुख डॉ. मानवेंद्र सिंह के अनुसार पांच फरवरी को दोपहर तक मंच तैयार करा लिया जाएगा। 4 फरवरी को सुबह 9:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर भूमि पूजन होगा।

अभी नहीं आया सरकारी कार्यक्रम

डीएम चंद्रभूषण सिंह का कहना है कि छह फरवरी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। अभी मौखिक तौर पर इसकी जानकारी हुई है। सरकारी कार्यक्रम आने पर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी शुरू की जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.