Aligarh Weather Forecast :आसमान से छंटे बादल, खिलखिलाई धूप
मौसम हर रोज करवटें बदल रहा है। मंगलवार देरशाम छाए बादल अगली सुबह भी आसमान में डटे रहे। छह बजे हल्की बूंदाबांदी भी हुई। फिर बादल छंटने के बाद धूप खिलखिलाने लगी। मध्यम गति से चल रही हवा गर्मी से राहत दे रही थी।
अलीगढ़, जेएनएन। मौसम हर रोज करवटें बदल रहा है। मंगलवार देरशाम छाए बादल अगली सुबह भी आसमान में डटे रहे। छह बजे हल्की बूंदाबांदी भी हुई। फिर बादल छंटने के बाद धूप खिलखिलाने लगी। मध्यम गति से चल रही हवा गर्मी से राहत दे रही थी। बुधवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।
बूंदाबांदी और बारिश होने की संभावना
कोरोना महामारी के बीच मौसम का मिजाज प्रतिदिन बदल रहा है। किसी दिन धूप तल्ख होती है तो कभी बारिश होने लगती है। दोपहर के वक्त शरीर को झुलसा देने वाली धूप होती है। वहीं, शाम होते होते आसमान में काले बादल घिरने लगते हैं। मौसम के इस बदले मिजाज से गर्मी से तो राहत मिल रही है, लेकिन बीमारियों का भी डर लगा रहता है। इस मौसम में सर्दी, खांसी, जुकाम जैसे लक्षण कोरोना की आशंका पैदा करते हैं। बुधवार को सुबह छह बजे आसमान में बादल छाए हुए थे। हल्की बूंदाबांदी होने से लगा तेज बारिश होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। घन्टेभर बाद बादल छंटने लगे। फिर धूप निकल आयी। हांलाकि, धूप में तपिश नहीं थी। लाकडाउन के चलते ज्यादातर लोग घरों में हैं। जरूरी कार्य से ही बाहर निकल रहे हैं। ये भी एक वजह है कि मौसम के बदले मिजाज से वे ज्यादा प्रभावित नहीं हो रहे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। बूंदाबांदी और बारिश होने की संभावना है।