अलीगढ़ के कुलपति बोले, आगरा यूनिवर्सिटी में भी बना सकते हैं कार्यालय
राजा महेंद्र प्रताप विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. चंद्रशेखर ने दिए संकेत दो-तीन जगह अस्थाई कार्यालय के लिए जगह देखी मगर रास नहीं आई।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के कामकाज को सुचारू रूप से संपादित करने के लिए अगर अस्थाई कार्यालय के लिए जल्द जगह का चयन न हुआ तो डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा (आगरा यूनिवर्सिटी) में भी अस्थाई ठिकाना बन सकता है। इस बात के संकेत अलीगढ़ में बन रहे राजा महेंद्र सिंह राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. चंद्रशेखर ने दिए हैं।
कुलपति ने बताया कि जिले में अस्थाई कार्यालय की तलाश में लगे हैं। इसके संबंध में उन्होंने कमिश्नर गौरव दयाल से जगह के संबंध में भी बात की थी। मुकुंदपुर और खैर क्षेत्र में जगह देखी थीं लेकिन गतिविधियों को संचालित करने के हिसाब से जगह सही नहीं लगीं। अभी प्रशासन से आश्वासन मिला है कि एक हफ्ते में जगह की व्यवस्था कराएंगे। अगर व्यवस्था नहीं हो सकी तो फिर आगरा यूनिवर्सिटी में ही कोई अस्थाई तौर पर व्यवस्था बनाने पर विचार किया जा सकता है। राज्य विश्वविद्यालय के शुरुआती काम भी प्रभावित हो रहे हैं। रजिस्ट्रार व फाइनेंस आफिसर भी तैनात हो चुके हैं। पहले चरण में मंडल के 400 विद्यालयों को संबद्ध किया जाना है। लक्ष्य है कि 2022-23 से ही सत्र का संचालन हो, इसलिए अस्थाई कार्यालय की जरूरत है। कार्यालय शुरू होने के बाद ही सत्र संचालन के बारे में सोचा जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि अभी हाल में अलीगढ़ में कासिमपुर स्थित 660 मेगावाट की विद्युत यूनिट का लोकार्पण करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की थी कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय में कुलपति की नियुक्ति कर दी गई है। अगले सत्र से यहां कक्षाएं भी शुरू कर दी जाएंगी। जबकि यहां अभी तक कुछ भी नहीं है। यहां तक कुलपति के कार्यालय की व्यवस्था भी नहीं हो पा रही है। ऐसी स्थिति में सत्र के कैसे शुरू हो पाएगा, इस पर सवाल उठने लगे हैं।
Edited By Jagran