Aligarh Encounter: अलीगढ़ पुलिस की देर रात बदमाशों से मुठभेड़, दो बदमाश गोली लगने से घायल
Aligarh Encounter उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ में गुरुवार देररात बरला क्षेत्र में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है।
अलीगढ़, जेएनएन। Aligarh Encounter : उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ में गुरुवार देररात बरला क्षेत्र में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बरला मोड़ पर देररात इंस्पेक्टर सर्वेश कुमार टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। तभी बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर दो लोग आते हुुुए दिखाई दिए। पुलिस ने रोका तो दोनों छर्रा की तरफ भागने लगे। वायरलैस पर सूचना होने पर छर्रा पुलिस भी सक्रिय हो गई। फुसावली मार्ग पर बदमाशों की बाइक फिसल गई। इसी दौरान दोनों बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी है। इनकी पहचान पिंटू पुत्र देवेंद्र यादव व परवेंद्र पुत्र प्रेम सिंह निवासी सुनहरा (बरला) के रूप में हुई है। दोनों ने बरला क्षेत्र में भट्ठे से डकैती की थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली लूटकर ले गए थे। बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। इससे पहले अलीगढ़ के थाना जवां क्षेत्र में गुरुवार रात अनूपशहर रोड पर पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में हाबूड़ा गैंग का बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।
जवां में एक गोली बदमाश को लगी
एसपी सिटी अभिषेक कुमार ने बताया कि एसओ जवां अभय शर्मा, सीडीएफ चौकी इंचार्ज आदित्य शंकर तिवारी गुरुवार रात करीब नौ बजे चेकिंग कर रहे थे। अलीगढ़ की ओर से बाइक पर तीन संदिग्ध युवक आते दिखे। जिन्हें रोका तो वे बिना रुके दौडऩे लगे। पुलिस ने पीछा शुरू कर दिया। बाइक सवार नहरकी पटरी पर भागने लगे, तभी उनकी बाइक फिसल गई और गिर पड़े। पुलिस ने घेराबंदी की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। बचाव करते हुए पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो एक गोली एक बदमाश को जा लगी। उसके दो साथी भाग गए। घायल बदमाश ने अपना नाम सागर हाबूड़ा पुत्र चंचल निवासी अकराबाद बताया। उससे तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद हुई है।
हाथरस के गल्ला मंडी कारोबारी से लूट की
एसपी सिटी ने बताया कि सागर पर कानपुर, बरेली, हाथरस, अलीगढ़ समेत कई जिलों में लूट, डकैती से जुड़े एक दर्जन से अधिक मुकदमे हैं, पूरी क्राइम हिस्ट्री खंगाली जा रही है। सागर ने भागे साथियों के नाम राजवीर निवासी बन्नादेवी व सोनू उर्फ भूपेंद्र निवासी कजरौठ इगलास बताए हैं। बदमाश ने पूछताछ में बताया कि वे इगलास क्षेत्र में एक परचून व्यापारी व हाथरस के गल्ला मंडी कारोबारी से लूट की योजना बना रहे थे। उनकी रेकी भी कर रहे थे। वारदात करने को बाइक लूटनी थी। बाइक की तलाश में ही जवां क्षेत्र में घूम रहे थे।