Cleanliness Survey 2021 : सर्वेक्षण में अलीगढ़ शहर साफ, सड़कों पर कूड़े के ढेर
स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 के आए परिणाम से भले ही नगर निगम के अधिकारी खुश हों मगर शहर में कुछ स्थानों पर कूड़े के ढेर नसीहत देने वाले हैं। यह इस बात की ताकीद करते हैं कि ऐसी स्थिति रही तो आगे के दिनाें में रैकिंग नीचे भी आ सकती है।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 के आए परिणाम से भले ही नगर निगम के अधिकारी खुश हों, मगर शहर में कुछ स्थानों पर कूड़े के ढेर नसीहत देने वाले हैं। यह इस बात की ताकीद करते हैं कि यदि ऐसी स्थिति रही तो आगे के दिनाें में रैकिंग नीचे भी आ सकती है। शहर में अभी भी कई स्थानों पर दोपहर तक कूड़ा नहीं उठता है, गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। इससे शहरवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
शहर में जगह जगह कूड़े के ढेर दिख रहे
शनिवार को शहर की तस्वीर ने तमाम जगहों की स्थिति को बयां कर दिया। गांधीपार्क बस अड्डा के निकट सिनेमा हाल के पास कूड़े का ढेर लगा हुआ था। शाम पांच बजे की यह स्थिति थी। नगला तिकोना से आगे बढ़कर कावेरी वाटिका रोड पर भी कूड़े का ढेर लगा हुआ था। वहीं, नालियों की सफाई न होने की शिकायत अधिकांश जगह रहती है। देहलीगेट चौराहे के पास नाला कूड़े से भरा हुआ था। गंदगी देखकर राहगीरों को सांस लेने मुश्किल हो रहा था। शहर में कुछ और जगहों पर यही स्थिति थी।
इनका कहना है
अभी बहुत कुछ करने की जरूरत है। कई जगहों पर देखा जाता है कि सुबह कूड़ा उठ गया तो थोड़ी देर बाद फिर डाल दिया जाता है, ऐसी स्थिति न बने इसके लिए शहर के लोगों को जागरूक करेंगे। शहरवासियों का स्वच्छता में सहयोग बहुत जरूरी है।
अरुण कुमार गुप्त, अपर नगर आयुक्त
----
नाबल्टी सिनेमा हाल के पास समय से कूड़ा नहीं उठता है। शनिवार को शाम को कूड़ा पड़ा हुआ था। मुख्य मार्ग होने के चलते लाेगों को समस्या का सामना करना पड़ता है।
-जावेद, रसलगंज
--
शहर में तमाम नाले कूड़े के ढेर से भरे हुए हैं। इनसे इतनी दुर्गंध निकलती है कि वहां से निकलना मुश्किल होता है। नालों की भी सफाई नियमानुसार होनी चाहिए।
राहुल शर्मा, कनवरीगंज