पंचायत चुनाव से पहले अलीगढ़ बसपा में उलटफेर, दो विधानसभा क्षेत्र अध्ययक्ष बदले Aligarh news
जिस बात को लेकर कयास लगाए जा रहे थे बसपा में वही शुरू हो गया। चुनाव निकट आते ही उलटफेर को लेकर चल रही चर्चाओं पर रविवार को विराम लग गया। साफ हो गया कि चुनाव तक यह सिलसिला चलेगा। कई दिग्गज इसकी लपेट में आएंगे।
अलीगढ़, जेएनएन : जिस बात को लेकर कयास लगाए जा रहे थे, बसपा में वही शुरू हो गया। चुनाव निकट आते ही उलटफेर को लेकर चल रही चर्चाओं पर रविवार को विराम लग गया। साफ हो गया कि चुनाव तक यह सिलसिला चलेगा। कई दिग्गज इसकी लपेट में आएंगे। बसपा सुप्रीमो के निर्देश पर छर्रा कमेटी में फेर बदल किया गया है। बरौली विधानसभा क्षेत्र में नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। यह तो शुरूआत मानी जा रही है। लेकिन, इससे बसपा नेताओं में खलबली है।
गौतम हटाए, प्रताप को जिम्मेदारी
छर्रा विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष विनोद गौतम को हटा दिया है। इनके स्थान पर प्रताप सिंह को अध्यक्ष बनाया गया है। वे काफी समय से बसपा से जुड़े रहे हैं। छर्रा क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। माना जा रहा है कि वे विधानसभा क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूत कर पाएंगे। यह बदलाव हरदुआगंज नगर पंचायत के अध्यक्ष व छर्रा विधानसभा क्षेत्र से पार्टी से प्रवल दावेदार तिलकराज यादव की सिफारिश पर होना बताया जा रहा है। विनोद गौतम को जिला सचिव व छर्रा विधानसभा क्षेत्र प्रभारी बनाया गया है।
राजकुमार के स्थान पर कोमल को जिम्मेदारी
बरौली विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष पद से राजकुमार गौतम को हटा दिया गया है। इनके स्थान पर चौधरी कोमल सिंह को अध्यक्ष बनाया गया है। कोमल सिंह भी काफी समय से पार्टी से जुड़े हुए हैं। इसी क्षेत्र के रहने वाले हैं। योगेश गौतम को जिला सचिव व विधानसभा क्षेत्र प्रभारी बनाया गया है। राजकुमार गौतम को भी जिला सचिव व बरौली विधानसभा क्षेत्र प्रभारी बनाया गया है।
यह नई बात नहीं
बसपा में चुनाव से पहले उलटफेर होना कोई नई बात नहीं है। अगले साल होने वाले प्रदेश के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी बसपा हर कमजोर कड़ी को दूर करने के फेर में है। वार्ड आरक्षण के होते ही समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा करने की तैयारी है। इसके लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बाबू मुनकाद अली हर रविवार को संगठन की मंडलस्तरीय समीक्षा कर रहे हैं। उन पर नजर रखी जा रही है, जो लगातार बैठकों में नहीं आ रहे। इसकी निगरानी खुद आगरा व अलीगढ़ मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी सूरज सिंह कर रहे हैं।