अलीगढ़ में कूलर के करंट से आगरा के युवक की मौत
गांधीपार्क थाना क्षेत्र के शाहकमाल रोड पर शुक्रवार सुबह आगरा के एक इंजीनियर की कूलर के करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। युवक यहां मोबाइल कंपनी के टावर को ठीक करने के लिए आया था। यहां गेस्ट हाउस में रुका था।
अलीगढ़, जेएनएन। गांधीपार्क थाना क्षेत्र के शाहकमाल रोड पर शुक्रवार सुबह आगरा के एक इंजीनियर की कूलर के करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। युवक यहां मोबाइल कंपनी के टावर को ठीक करने के लिए आया था। यहां गेस्ट हाउस में रुका था। पोस्टमार्टम में भी करंट से मौत की बात सामने आई है।
ऐसे हुआ हादसा
आगरा के यमुना ब्रिज के पास रहने वाले 22 वर्षीय हरवीर सिंह एक मोबाइल कंपनी में इंजीनियर था। हरवीर गुरुवार को अपने साथी हेमंत के साथ अलीगढ़ में टावर ठीक करने के संबंध में आया था। दोनों यहां गांधीपार्क क्षेत्र के शाहकमाल माल रोड स्थित न्यू बेगम गेस्ट हाउस में ठहरे। गुरुवार रात खाना खाने के बाद हरवीर बेड पर लेट गया। इसी दौरान उसका मोबाइल डिस्चार्ज हो गया। हरवीर मोबाइल को चार्ज करने के लिए कूलर के पास गया। यहां अचानक कूलर के करंट की चपेट में आ गया। इससे हरवीर अचेत अवस्था में जमीन पर गिर पड़ा। उसे उल्टी होने लगीं। आनन-फानन हेमंत व अन्य लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां हरवीर की मौत हो गई। इधर, सूचना पर स्वजन भी अलीगढ़ आ गए। इंस्पेक्टर गांधीपार्क हरिभान सिंह राठौर ने बताया कि पोस्टमार्टम में करंट से मौत की बात पता चली है।