जिला पंचायत के बाद अब ब्लाक प्रमुखों को शपथ का इंतजार Aligarh news
जिला पंचायत अध्यक्ष के बाद अब ब्लाक प्रमुखों की शपथ का इंतजार हो रहा है। हालांकि पंचायती राज विभाग ने पहले ही इसकी तैयारी कर ली है। ब्लाक स्तर पर यह शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे। एसडीएम व तहसीलदार यह शपथ दिलाएंगे।
अलीगढ़, जेएनएन । जिला पंचायत अध्यक्ष के बाद अब ब्लाक प्रमुखों की शपथ का इंतजार हो रहा है। हालांकि, पंचायती राज विभाग ने पहले ही इसकी तैयारी कर ली है। ब्लाक स्तर पर यह शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे। एसडीएम व तहसीलदार यह शपथ दिलाएंगे। हालांकि, संभावना लगाई जा रही है कि 17 जुलाई तक यह शपथ ग्रहण कार्यक्रम पूरा हो जाएगा।
10 जुलाई को आया परिणाम
जिले में कुल 12 ब्लाक हैं। इनमें लोधा, खैर, चंडौस, जवां, टप्पल, इगलास, गौंड़ा, धनीपुर, अकराबाद, गंगीरी, अतरौली व बिजौली शामिल हैं। 10 जुलाई को इनके चुनावी परिणाम आ चुके हैं। जिला पंचायत की तरह ब्लाक प्रमुख चुनाव में भी भाजपा ने अपना परचम लहरा दिया है। जिले में कुल नौ ब्लाक प्रमुख भाजपा के ही चुने गए हैं। वहीं, तीन निर्दलीय हैं। हालांकि, भाजपा 10 ब्लाक प्रमुख का दावा कर रही है। अब सोमवार को जिला पंचायत की शपथ ग्रहण हो चुकी है। ऐसे में अब सभी ब्लाक प्रमुख शपथ का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, सभावना जताई जा रही है कि 17 जुलाई तक शपथ ग्रहण का आदेश आ जाएगा।
ब्लाक कार्यालय पर शपथ
अफसरों के अनुसार ब्लाक प्रमुख का चुनाव ब्लाक स्तर पर संपन्न हुआ है। ऐसे में जिले के सभी 12 ब्लाक के प्रमुखों को ब्लाक कार्यालय स्तर पर ही शपथ दिलाई जाएगी। इसके लिए प्रशासन की ओर से अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ब्लाक स्तर पर शपथ दिलाने के लिए जिला स्तरीय अधिकारी नामित किया जाएगा। एसडीएम व तहसीलदार को यह जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
महिलाओं के हाथों में सात ब्लाकों की बागडोर
क्षेत्र पंचायत के चुनावों में इस बार आधी आबादी का तगड़ा दबदबा रहा है। जिले से पहली बार सात महिलाएं ब्लाक प्रमुख चुनी हैं। अब यह अपने-अपने ब्लाकों में विकास कार्यों की बागडोर संभालेंगी। महिला प्रमुखों का कुनवा बढ़ने से अन्य महिलाओं में भी खुशी की लहर है। 2015 के कार्यकाल में जिले से महज पांच महिला प्रमुख चुनी गई थीं। इस बार भी पंचायती राज विभाग ने महिलाओं के लिए चार पद आरक्षित किए थे, लेकिन इससे तीन अधिक पदों पर जीत दर्ज की है। शपथ ग्रहण के बाद यह काम काज शुरू कर देंगी।