चिंतन शिविर के बाद भविष्य की रणनीति के लिए कांग्रेेस ने शुरू किया ‘चलें ब्लाक की ओर’ अभियान
राजस्थान में कांग्रेस ने चिंतन शिविर का आयोजन किया इसके बाद अब भविष्य की रणनीति बनाने के लिए चलो ब्लाक की ओर से अभियान शुरू किया गया है। इस दौरान पंचायत के आठ से 10 गांव में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया जाएगा।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। राजस्थान में चिंतन शिविर के समाप्त होते ही कांग्रेसियों ने आगामी समस्त चुनाव लड़ने और जीतने के लिए लेकर कमर कस ली है। इसके तहत जिला कांग्रेस ने रविवार को ‘चले ब्लाक की ओर’ अभियान शुरू किया। पहले दिन वरिष्ठ नेताओं ने खैर ब्लाक में पहुंचकर पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से बात कर भविष्य की रणनीति पर चर्चा की।
भाजपा सरकार के खिलाफ नुक्कड़ सभा करेंगे कार्यकर्ता
पहले दिन जिलाध्यक्ष ठा. संतोष सिंह जादौन ने खैर में ब्लाक अध्यक्ष धनेश्वर शर्मा की उपस्थिति में ब्लाक कमेटी एवं न्याय पंचायत कमेटी की बैठक में भाग लिया। अध्यक्ष ने न्याय पंचायत अध्यक्षों से ग्राम सभा में कमेटी गठित करने व लोकसभा 2024 के लिए संगठन को मजबूत करने का आव्हान किया। कहा, वे अपनी पंचायत के आठ से 10 गांव में नुक्कड़ सभा कर सत्तारूढ़ दल भाजपा सरकार में महंगाई व किसान विरोधी झूठे वायदों की कलई खोलें। कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां बताएं।
वार्ड कमेटी गठित करने की अपील
महानगर अध्यक्ष अतुल गोयल भी वार्ड अध्यक्षों के साथ उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष ने नगर पंचायत चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए सभी वार्ड अध्यक्ष वार्ड कमेटी गठित करने की अपील की। कहा, हमें हर सूरत में खैर नगर पंचायत का चुनाव जीतना है। 22 मई को सुबह 10.30 बजे अतरौली ब्लाक व नगर कमेटी की बैठक की जानकारी दी गई। उपाध्यक्ष जय देव उपाध्याय वरिष्ठ कांग्रेसी लक्ष्मी नारायण, ब्रजराज सिंह राणा, श्रीपाल शर्मा, रामशरण शर्मा, ललित शर्मा, राजकुमार शर्मा, गिर्राज किशोर, रमाशंकर, हरि किशोर, रणवीर सिंह, योगेश शर्मा, अशोक शर्मा, सोनू गौतम आदि उपस्थित रहे।