अलीगढ़ में शादी के 20 दिन बाद युवती ने कर ली खुदकुशी
जनपद अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र के गांव नाया में एक युवती ने शादी के 20 दिन बाद विषाक्त खाकर जान दे दी। वह आठ दिन पहले ही ससुराल से आई थी।
अलीगढ़ जेएनएन: जनपद अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र के गांव नाया में एक युवती ने शादी के 20 दिन बाद विषाक्त खाकर जान दे दी। वह आठ दिन पहले ही ससुराल से आई थी। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया है। चर्चा यह भी है कि दोनों में प्रेम संबंध थे। युवक पुलिस कांस्टेबल है। इन दिनों उसकी तैनाती राय बरेली में है।
ये है मामला
गांव नाया निवासी चांदनी (20) पुत्री कालीचरन की शादी 25 जून को धीरेंद्र नायक निवासी घुड़ा मुबारकरपुर जिला फीरोजाबाद के साथ हुई थी। उसके साथ ही छोटी बहन की शादी हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद दोनों बहनें विदा होकर मायके आईं और फिर ससुराल चली गईं। सावन का महीना शुरू होने पर आठ दिन पहले दोनों बहनें मायके आ गईं। बुधवार सुबह चांदनी ने विषाक्त पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गुरुवार को गांव में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
प्रेम प्रसंग की चर्चा
चर्चा है कि युवती के शादी से पहले गांव के ही डालचंद पुत्र बहादुर ङ्क्षसह से प्रेम संबंध थे। युवक पिछले वर्ष यूपी पुलिस में भर्ती हुआ है। वर्तमान में तैनाती राय बरेली में है। पहले दोनों साथ जीने मरने की कसमें खाते थे। शादी भी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजनों ने शादी दूसरी जगह कर दी। शादी के बाद भी दोनों का मिलना जुलना बंद नहीं था। युवक अपनी प्रेमिका की ससुराल भी पहुुंच गया था।
युवक पर आरोप
इधर, युवती के परिजनों ने युवक के खिलाफ थाने में दी तहरीर में का आरोप लगाया है कि डालचंद उनकी बेटी को परेशान करता था। वर्दी का रौब दिखाकर उन्हें धमका था। उसके शोषण से तंग आकर ही बेटी की शादी कर दी थी। युवती को डरा धमका कर शारीरिक संबंध बना लिए थे। आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया था, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था। बुधवार सुबह युवती घर अकेली थी तो उसने पहुंचकर उसे डराया था। युवक की धमकी से आहत होकर उसने खुदकुशी कर ली। इस संबंध में एसपी देहात अतुल शर्मा ने बताया कि मृतका की मां बीना देवी की तहरीर पर युवक के खिलाफ धारा 406 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। बाकी कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी।