Aligarh Cash van loot News Update: एडीजी अजय आनंद बोले, कैश वैन लूट में मिले अहम सुराग, जल्द होगा खुलासा
आगरा जोन के एडीजी अजय आनंद ने मंगलवार को अलीगढ़ के समद रोड पर हुई कैश वैन से लूट के मामले में घटना स्थल का मुआयना किया और बारीकी से पूछताछ की।
अलीगढ़ [जेएनएन]। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सिविल लाइंस क्षेत्र के समद रोड पर 22 लाख 48 हजार 700 रुपये की लूट की घटना के मामले पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।बदमाश गमछा बांधे हुए थे और हेलमेट भी नहीं पहने थे। मंगलवार को आगरा जोन के एडीजी अजय आनंद ने घटना स्थल का मुआयना किया और बारीकी से पूछताछ की। एडीजी अजय आनंद ने कहा है कि लूट के संबंध में अहम सुराग मिले हैं। लुटेरे जल्द ही पकड़े जाएंगे। इसके लिए आठ टीम जुटी हुई हैं।
बाइक पर दोनों बदमाश बिना हेलमेट के थे
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सिविल लाइंस क्षेत्र में समद रोड पर 22 लाख 48 हजार 700 रुपये की लूट की घटना ने पुलिस के होश उड़ा दिए हैं। घटनाक्रम को देखकर लग रहा है कि बदमाशों ने पुख्ता रेकी की थी। उन्हेंं पता था कि कितने बजे वैन कैश लेने जाएगी। कलेक्शन एजेंट कब बाहर निकलेगा? लूट से पहले बदमाश वैन से 50 मीटर सेटर प्वॉइंट की ओर सोनी ज्वेलर्स के सामने खड़े हो गए। एक बाइक पर दोनों बदमाश बिना हेलमेट के थे।
सफेद गमछे से मुंह ढके
दोनों ने सफेद गमछे से मुंह को ढक रखा था। एक बदमाश के पास फोन आया उसके बाद दोनों वैन की तरफ चल दिए थे। पुलिस यही मानकर चल रही है कि कोई तीसरा बदमाश था या कोई भेदिया, जिसने बदमाशों को फोन कर एलआइसी की बिल्डिंग से कैश नीचे आने की जानकारी दी।
रेलवे स्टेशन होते हुए भागे लुटेरे
पुलिस ने घटना के बाद 50 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। 12 बजे से शाम तक रेलवे रोड, मैरिस रोड, समद रोड की हर प्रमुख दुकानों के सीसीटीवी देखे गए। पता चला है कि बदमाश पहले सेंटर प्वाइंट पहुंचे। वहां से रेलवे स्टेशन रोड होते हुए मधुपुरा तिराहा, यहां से बदमाश मीनाक्षी पुल की ओर जाते दिखे है?। इससे आगे की लोकेशन नहीं मिली। माना ये जा रहा है कि बदमाश मीनाक्षी पुल के नीचे से गुरुद्वार रोड होते हुए धनीपुर की ओर गए।
लूट की प्रमुख वारदातें
17 नवंबर 2016 को सिविल लाइन क्षेत्र मे फाइनेंसकर्मी से 3.50 लाख लूटे।
30 दिसंबर 2016 को मडराक क्षेत्र में स्वर्णकार से 15 लाख के जेवर लूटे।
17 जुलाई 2017 को गांधीपार्क इलाके में गार्ड की हत्या कर 34.50 लाख लूटे।
17 नवंबर 2017 को धनीपुर में आढ़ती से 50 लाख लूटे।
21 जुलाई 2019 को छर्रा में व्यापारी से नौ लाख लूटे।
22 दिसंबर 2019 को बरला में पशु कारोबारी से 20 लाख की लूट।