एडीए ने आयशा तरीन का बेसमेंट व 80 फ्लैट क्यों किए सील, जानिए वजह Aligarh News
एडीए की टीम ने बुधवार को सिविल लाइन क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। आयशा तरीन स्कूल के बेसमेंट चार स्थानों पर 80 फ्लैट व व्यावसायिक भवन सील किए।
अलीगढ़ (जेएनएन)। अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) की टीम ने बुधवार को सिविल लाइन क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। आयशा तरीन स्कूल के बेसमेंट, चार स्थानों पर 80 फ्लैट व व्यावसायिक भवन सील किए। इन भवनों को पुलिस अभिरक्षा में दे दिया गया है।
ऐसे की कार्रवाई
टीम सबसे पहले लाल डिग्गी रोड स्थित मैराज मोहम्मद के आयशा तरीन स्कूल पहुंची। यहां 900 वर्गगज से अधिक जमीन पर बेसमेंट समेत अन्य निर्माण किया गया था। इसे सील कर दिया गया। टीम बदरबाग स्थित हाजी मोहम्मद शाहिद के यहां पहुंची। यहां 817 वर्गमीटर में 60 फ्लैट का निर्माण किया गया था। इसे भी सील कर दिया गया। टीम अनूपशहर रोड स्थित गोखला चौराहे पर पहुंची। यहां मोहम्मद सिराज ने 21 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण कर लिया था। इस पर सील ठोक दी गई। यहां से टीम दोदपुर आई। यहां मोहम्मद महमूद खान ने 400 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में 20 फ्लैट का निर्माण किया था। इसे भी सील कर दिया गया। टीम में सहायक अभियंता महाराज सिंह, अवर अभियंता जीके सिंह, नवीन शर्मा, पीयूष त्यागी, मोहन शुक्ला थे।
अफसरों को क्लीन चिट
प्राधिकरण भले ही अवैध निर्माण को लेकर सख्त हो, लेकिन इसे कराने वाले जिम्मेदार अफसरों पर सुस्त है। अभियंताओं की शह पर अवैध निर्माण होते हैं, लेकिन कार्रवाई भवन स्वामी तक ही सीमित रह जाती है।