Move to Jagran APP

अलीगढ़ में व्यापारी की गोलियों से भूनकर हत्या, पत्नी ने पड़ोसी के घर में घुसकर बचाई जान

अलीगढ़ जिले के कस्बा खैर में बड़ी वारदात हुई। आठ साल पुरानी रंजिश के चलते एक व्यापारी को गोलियों से भून दिया गया। इस व्यापारी का आठ साल पूर्व हुई एक हत्या में नाम था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। क्षेत्र में दहशत बनी हुई है।

By Mukesh ChaturvediEdited By: Published: Sat, 09 Jan 2021 10:20 PM (IST)Updated: Sat, 09 Jan 2021 10:20 PM (IST)
अलीगढ़ में व्यापारी की गोलियों से भूनकर हत्या,  पत्नी ने पड़ोसी के घर में घुसकर  बचाई जान
व्यापारी सत्यपाल, जिसकी हत्या की गई है

अलीगढ़, जेएनएनः खैर  कस्बा की बरखा चौकी क्षेत्र के गांव मऊ में शनिवार को 48 वर्षीय व्यापारी सत्यपाल की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। वे पत्नी के साथ जंगल से चारा लेकर लौट रहे थे। घर से कुछ दूरी पर बाइक पर आए दो लोगों ने गोलियां बरसा दीं। पत्नी ने पड़ोस के घर में घुसकर जान बचाई। पुलिस के मुताबिक आठ साल पहले हुई हत्या में सत्यपाल भी आरोपित था। इसी रंजिश में हत्या की गई है। 

loksabha election banner

गांव में थी परचून की दुकान 

सत्यपाल सिंह उर्फ सत्तू की गांव में ही परचून की दुकान है। शनिवार दोपहर वे पत्नी हेमवती के साथ बुग्गी में पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गए थे। करीब चार बजे लौटे और चारा उतारने लगे। तभी सफेद रंग की अपाचे बाइक पर दो लोग आए। हेमवती का आरोप है कि इनमें से एक हमलावर पूर्व प्रधान का बेटा है। दोनों ने पहले बाहर खेल रहे बच्चों को हटने के लिए कहा। बच्चों के जाते ही तमंचा तान दिया।

सिर पर था खून सवार 

सत्यपाल ने पहले हाथ जोड़े, लेकिन दोनों के सिर पर खून सवार था। दोनों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। एक गोली सत्यपाल की आंख, जबकि तीन-चार गोलियां सीने में लगीं। पत्नी ने पड़ोस के घर में घुसकर जान बचाई। सत्यपाल को उनके बेटे बाइक से खैर सीएचसी ले गए, जहां मौत हो गई। सूचना पर एसपी देहात शुभम पटेल, एएसपी व सीओ खैर विकास कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। एहतियातन गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।

आठ साल पहले हुई हत्या में मुख्य आरोपित था सत्यपाल

 2012 में इसी गांव में प्रधान रहे तालेवर की हत्या हुई थी। इसमें छह लोग नामजद हुए थे। सत्यपाल मुख्य आरोपित था। जेल भी गया था। पांच साल पहले जमानत पर बाहर आ गया। गांव के लोगों के मुताबिक, दोनों पक्ष प्रधानी के चुनाव में आमने-सामने रहते थे। तालेवर की मौत के बाद उनकी पत्नी प्रधान बनती रहीं, जबकि सत्यपाल भी पत्नी को चुनाव लड़वाता था, लेकिन कभी जीत नहीं मिली। इस बार प्रधान का बेटा चुनाव लडऩे की तैयारी में था। इसे लेकर भी रंजिश थी।

पत्नी गिड़गिड़ाई, आरोपित का नाम लेकर चीखती रही

सत्यपाल की पत्नी के मुताबिक, घटना से पहले आरोपित ने तमंचा निकाला तो उसके हाथ जोड़े। उससे कहा, कुछ मत करो। चुनाव को लेकर कोई रंजिश है तो नहीं लड़ेंगे। आरोपितों ने एक नहीं सुनी। पत्नी पुलिस के सामने भी आरोपित का नाम लेकर चीखती रही। सत्यपाल के दो बेटे व दो बेटियां हैं। एक बेटे की शादी तय हो चुकी है। कुछ दिनों में शादी होने वाली है, जिसकी तैयारी चल रही थीं।

पांच दिन पहले बदला मकान, योजनाबद्ध तरीके से की हत्या

गांव के लोगों के मुताबिक, पांच दिन पहले ही आरोपित पक्ष ने गांव से मकान खाली कर दिया था। अब वह खैर में रह रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपित पक्ष मौके की तलाश में था। योजनाबद्ध तरीके से हत्या की गई है। इसीलिए घर से करीब से करीब सौ मीटर दूरी पर रोका और गोलियां बरसा दीं। एसपी देहात शुभम पटेल ने बताया कि खैर के गांव मऊ में दुकानदार की गोली मारकर हत्या की गई है।  दुकानदार आठ साल पुराने हत्या के मामले में आरोपित था। इसी रंजिश के चलते हत्या की बात सामने आ रही है। पत्नी ने पुलिस को बयान दिए हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.