अलीगढ़ बार चुनाव में 89 फीसद पड़े वोट, फैसला आजAligarh news
दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में शांतिपूर्वक मतदान हुआ। इसमें 89 फीसद वोट पड़े। 1903 अधिवक्ताओं में से 1688 ने अपने मत का इस्तेमाल किया।
अलीगढ़ [जेएनएन]। दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में शांतिपूर्वक मतदान हुआ। इसमें 89 फीसद वोट पड़े। 1903 अधिवक्ताओं में से 1688 ने अपने मत का इस्तेमाल किया। रविवार को कलक्ट्रेट में ही मतगणना होगी। शाम तक फैसला आ जाएगा कि किसके सिर ताज सजेगा।
प्रशासन ने ऐसे दी चुनाव की हरी झंडी
शहर के माहौल को देखते हुए दो दिन से चुनाव पर भी संकट मंडराने की चर्चाएं थीं, लेकिन पुलिस व प्रशासन ने चुनाव को हरी झंडी दे दी। शुक्रवार देर रात कलक्ट्रेट परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों पर किस्मत आजमा रहे 20 प्रत्याशियों के लिए शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे मतदान शुरू हुआ। चार बूथ बनाए गए थे, जहां कतारें लगी रहीं। प्रत्याशियों के समर्थक गेट के बाहर पर्चे बांटकर अधिवक्ताओं को पक्ष में वोट डालने की अपील कर रहे थे। प्रोजेक्टर से मतदान की प्रक्रिया टीवी स्क्रीन पर भी चल रही थी।
1688 अधिवक्ताओं ने डाला वोट
चुनाव अधिकारी विनोद कुमार शर्मा की देखरेख में शाम साढ़े चार बजे तक 1903 में से 1688 अधिवक्ताओं ने वोट डाला। 215 ने मतदान नहीं किया। हालांकि मतदान प्रतिशन पिछले साल से दो फीसद कम रहा। वर्ष 2018 में 1792 वोटर थे, जिनमें 1639 ने मतदान किया था। इस साल 111 वोटर बढ़ गए हैं।
गेट के बाहर लगी रही भीड़
शहर के माहौल को देखते हुए तीन दिन से कलक्ट्रेट को जाने वाले रास्तों में बेरिकेडिंग लगी हुई हैं। हालांकि शनिवार को तस्वीर महल की ओर से बाइकों के निकलने के लिए रास्ता खोल दिया था। वहीं चुनाव के चलते गेट पर ही अधिवक्ताओं की भीड़ लगी हुई थी। शाम तक अधिवक्ताओं का दीवानी से कलक्ट्रेट आने-जाने का सिलसिला जारी रहा।
34 राउंड में होगी काउंटिंग
मतदान के बाद बैलेट बॉक्स को पुलिस अभिरक्षा में रखवा दिया गया है। रविवार को कलक्ट्रेट में ही मतगणना होगी। 1688 वोटों के लिए 34 राउंड में काउंटिंग की जाएगी।
दो फीसद घटा मत प्रतिशत
वर्ष, मतदाता, मतदान, फीसद
2015, 2250, 1995, 88
2016, 2170, 1863, 85
2017, 2247, 1953, 87
2018, 1792, 1639, 91
2019, 1903, 1688, 89
ये हैं मैदान में
अध्यक्ष : गणेश शर्मा व राजेंद्र प्रसाद वर्मा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष : सतीश जौहरी, राकेश कुमार वाष्र्णेय व विनय कुमार शर्मा।
कनिष्ठ उपाध्यक्ष : उदयवीर राणा, मुकेश चौधरी, नरेंद्र सिंह।
महासचिव : देवेंद्र पाल सिंह, कुलदीप आदित्य गुप्ता व हरेंद्र चौहान।
कोषाध्यक्ष : प्रवीन कुमार राघव, अनीस खान।
संयुक्त सचिव प्रशासन : वीनू गुप्ता, भूपेंद्र सिंह।
संयुक्त सचिव प्रकाशन : राजीव शर्मा, जगदीश प्रसाद बघेल, पीतांबर सिंह।
संयुक्त सचिव पुस्तकालय : बृजेश कुमार, उमेश कुमार शर्मा।
रविवार को होगी मतगणना
चुनाव अधिकारी विनोद शर्मा ने बताया कि मतदान के लिए चार बूथ बनाए गए थे। शांतिपूर्ण तरीके से प्रक्रिया संपन्न हुई। आज सुबह नौ बजे से मतगणना होगी। देर शाम तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।