तमंचे के बल पर 35 बकरी लूट ले गए
विजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नर्रऊ से बदमाश तमंचे के बल पर पशुपालक के यहां से 35 बकरी लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
अलीगढ़ : विजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नर्रऊ से बदमाश तमंचे के बल पर पशुपालक के यहां से 35 बकरी लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। घटना रविवार रात की बताई गई है। निजामुद्दीन बकरी पालन करते हैं। प्रतिदिन की तरह अपने घेर में बकरियों को बांधा था। अचानक रात्रि के समय आधा दर्जन बदमाश आ गए। उनके कान पर तमंचा रख कर जान से मारने की धमकी दी और बकरियों को वाहन में लादकर फरार हो गए। पीड़ित ने शोर मचाया तथा पुलिस को सूचना दी। पीआरवी ने पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दी, लेकिन चार दिन बाद भी पुलिस ने जांच पड़ताल नहीं की। इंस्पेक्टर दया नारायण त्रिपाठी ने बताया मामला संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसी घटना है। तो कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े बदमाशों ने
मजदूर से मोबाइल छीना
संसू, कासिमपुर : कस्बा में बुधवार दोपहर में पावर मेक कंपनी में तैनात रवि कुमार खाना खाने अपने कमरे पर जा रहे थे। गंग नहर के सहारे बनी लेबर कालोनी को जाते समय पीछे से बाइक पर दो बदमाशों ने रवि से मोबाइल छीन लिया और भाग गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास में काम कर रहे मजदूर इकट्ठा हो गए और कंपनी के आला अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
व्यापारी से लूट की रिपोर्ट दर्ज
संसू, इगलास : कस्बा के मास्टर कालोनी निवासी चीनी व खल आदि के थोक विक्रेता मुकेश कुमार पुत्र द्वारिका प्रसाद के साथ हुई लूट की घटना में पुलिस 24 घंटे बाद भी खाली हाथ है। इस संबंध में व्यापारी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल रिपुदमन सिंह का कहना है कि घटना का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। सर्विलांस की मदद भी ली जा रही है। जल्द घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
विदित रहे कि मंगलवार की देरशाम 7:30 बजे मुकेश कुमार दुकान बंद कर स्कूटी से घर जा रहे थे। घर से करीब 200 मीटर पहले बदमाशों ने तमंचा की बट मारकर उन्हें घायल कर दिया था। बदमाश स्कूटी पर टंगा थैला लूटकर फरार हो गए थे। व्यापारी के अनुसार थैले में डेढ़ लाख रुपये थे। घटना की सूचना पर पहुंचे सीओ अशोक कुमार सिंह व कोतवाल ने आस-पास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई। पीड़ित व्यापारी द्वारा बदमाशों का हुलिया व संख्या ठीक से नहीं बता पाने के कारण पुलिस के लिए घटना का पर्दाफाश करना चुनौती होगा।