अलीगढ़ में डेंगू के मिले 26 नए मरीज, बुखार का भी प्रकोप
जिले में डेंगू के अब तक 202 में से 156 मरीज हो चुके हैं स्वस्थ अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने में लगा हुआ है प्रशासन।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : डेंगू के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। गुरुवार को जिले में डेंगू के 26 नए मरीज मिले हैं। इनकी संख्या 202 हो गई है। इनमें से 156 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। 46 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। वहीं, सरकारी अस्पतालों में भी बुखार के मरीजों की संख्या दिनों दिन बढ़ रही हैं। गुरुवार को बुखार के 150 लोग अस्पतालों में पहुंचे। 60 मरीज दवा लेकर वापस चले गए। अन्य का इलाज चल रहा है।
पिछले एक महीने से डेंगू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। हर दिन नए मरीज सामने आ रहे हैं। बुधवार तक जिले में डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या 176 थी। इनमें से अधिकतर स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। गुरुवार को 26 डेंगू के नए मरीज मिल गए हैं।
बुखार की भी बढ़ रही संख्या : डेंगू के अलावा सामान्य बुखार के मरीजों की भी तेजी से संख्या बढ़ रही हैं। गुरुवार को जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में 150 लोग पहुंचे। यहां पर कुल 60 मरीज दवा लेकर घर चले गए। बाकी के अन्य लोगों का इलाज चल रहा है।
इस तरह हुई जांच : गुरुवार को जिला मलेरिया अधिकारी डा. राहुल कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में जिले भर में डेंगू नियंत्रण अभियान चला। इसमें धनीपुर ब्लाक के सिहौर व नगरीय क्षेत्र में घुड़िया बाग, शाहजमाल, सराय रहमान, कुंवर नगर, संजय गांधी कालोनी, प्रतिभा कालोनी, रसलगंज में कैंप लगाकर 437 लोगों को दवा वितरित की। 207 बुखार के मरीज देखे गए। 249 का मलेरिया टेस्ट किया गया। जिले के 854 घरों में सर्वे किया गया। टप्पल, चंडौस व छर्रा में अभी डेंगू का प्रकोप नहीं हैं। भ्रमण में कुल 375 कूलर, 1245 कंटेनर एवं अन्य पात्रों की जांच की गई। इनमें 48 पात्र धनात्मक पाए गए। टीमों ने इन्हें खाली करा दिया।
भर्ती करने के लिए बढ़ रहे बेड : स्वास्थ्य विभाग भी अस्पतालों में मरीज भर्ती करने के लिए सुविधाएं बढ़ा रहा है। हर ब्लाक पर 30 बेड की व्यवस्था की गई है। दीनदयाल अस्पताल में भी कुल बेड की संख्या 248 कर दी गई है। सीएमओ डा. आनंद कुमार उपाध्याय ने लोगों से अपील की है कि कहीं भी साफ पानी एकत्रित न होने दें। कूलर में भी पानी का कम से कम प्रयोग करें।