चार महीने में भी नहीं बन सकी 100 मीटर सड़क, गड्डों व जलभराव से आवागमन बाधित
अलीगढ़ में हरदुआगंज से शहर की ओर आने वाली सड़क एक ओर से पूरी तरह बंद है जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़़ रहा है। चार महीने में मात्र सौ मीटर ही सड़क बन पायी है जिससे लोगों में रोष है।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। सरकारी कार्यों के प्रति कितनी लापरवाही होती है इसके बारे में सभी जानते हैं, मगर अलीगढ़ के रामघाट-कल्याण मार्ग पर तो हद ही हो गई है। मात्र 100 मीटर सड़क का निर्माण चार महीने में भी पूरा नहीं हो सका। इससे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
जलभराव के चलते जगह जगह हुए गड्ढे
रामघाट-कल्याण मार्ग पीएसी के पास काफी जर्जर स्थिति में था। जलभराव होने के चलते सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए थे, इससे राहगीरों को काफी परेशानी होती थी। लोगों ने तमाम बार हंगामा किया। बमुश्किल मार्ग के निर्माण का कार्य शुरू हो सका। पिछले साल अक्टूबर महीने में तो सिर्फ नापजोख हो पाई। नवंबर में इसका निर्माण कार्य शुरू हो गया। इसके बाद दीपावली आ गई थी, फिर काम रुक गया। करीब 15 दिनों तक काम बंद रहा। इससे राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रास्ता बहुत मुश्किल भरा हो गया था। फिर, दिसंबर के अंतिम महीने में कार्य शुरू हुआ। एक साइड का मार्ग का निर्माण हो गया। मगर, दूसरी साइड का निर्माण कार्य नहीं हुआ। इसका निर्माण जनवरी में शुरू हुआ। पूरा महीना पूरा होने वाला है, मगर मार्ग का अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। मलबा मार्ग पर पड़ा हुआ है।
हरदुआगंज के पास एक तरफ का रास्ता पूरी तरह बंद
हरदुआगंज से शहर की ओर बढ़ने पर बायीं ओर रास्ता पूरी तरह से बंद है, इससे वाहन नहीं निकल पा रहे हैं। रात के समय तो निकलना मुश्किल हो जाता है। कई बार तो वाहन टकरा जाते हैं। मलबे के पास फंस जाते हैं। इससे हादसे का डर बना रहता है। पीडब्ल्यूडी की सुस्ती के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चार महीने में भी सड़क का निर्माण नहीं होना बहुत आश्चर्यजनक है। अधिवक्ता जेपी राजपूत का कहना है कि उन्हें अतरौली प्रतिदिन जाना होता है। पीएसी के पास उन्हें जाम में फंसना पड़ता है। रास्ता ठीक न होने के चलते फंसे रहना पड़ता है। ऐसे में लोगों को काफी दिक्कत होती है। जगदीश पाठक का गांव अतरौली क्षेत्र में है, उनका कहना है कि इस रास्ते से अक्सर निकलना होता है। बाइक और स्कूटी तो निकल जाती है, मगर कार आदि पड़ी गाड़ियां फंस जाती है, इससे लोगों को दिक्कत होती है। जगदीश ने कहा कि चार महीने में 100 मीटर भी सड़क नहीं बन सकी इससे बड़ा चिंतनीय प्रश्न और क्या हो सकता है?