राष्ट्र निर्माण और धरोहर संरक्षण को आगे आएं युवा
एएसआइ ने किया स्वतंत्रता सेनानी व वीर सैनिकों का सम्मान आगरा किला में हुए कार्यक्रम में दिया विरासत के संरक्षण का संदेश
जागरण संवाददाता, आगरा : आजादी का अमृत महोत्सव में मंगलवार को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने स्वतंत्रता सेनानी और वीर सैनिकों को सम्मानित किया। आगरा किला के दीवान-ए-आम में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता का संदेश दिया गया। युवाओं से राष्ट्र निर्माण और धरोहर के संरक्षण को आगे आने का आह्वान किया गया।
एएसआइ के अधिकारी दोपहर में स्वतंत्रता सेनानी सरोज गौरिहार के कमला नगर के ई ब्लाक स्थित घर गए और उन्हें शाल व स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। आगरा किला में हुए कार्यक्रम में नगर निगम इंटर कालेज, ताजगंज के छात्र-छात्राओं ने सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। स्मारकों को स्वच्छ रखने के लिए पर्यटकों को जागरूक किया गया। मुख्य अतिथि इंस्टीट्यूट आफ टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट के डायरेक्टर डा. लवकुश मिश्रा ने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की विरासत का सम्मान करते हुए उसके संरक्षण व संवर्धन में सहयोग करे। अधीक्षण पुरातत्वविद डा. राजकुमार पटेल ने दूरदराज के क्षेत्रों में स्थित स्मारकों के संरक्षण व उनमें पर्यटन की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया। सेवानिवृत्त सैनिकों ने अपने संस्मरण सुनाते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण को आगे आने का आह्वान किया। कहा कि आगे चलकर इस देश की कमान इन्हीं युवाओं के कंधों पर आनी है। एएसआइ द्वारा कैप्टन दरवान सिंह, कैप्टन दीवान सिंह बोरा, सूबेदार लीलाराम, नायब सूबेदार राज सिंह, हवलदार विश्राम को सम्मानित किया गया। उप-अधीक्षण पुरातत्वविद् सुनीता तेवतिया, राजनारायण, अमरनाथ गुप्ता, दिलीप कुमार, प्रकाशचंद्र सिन्हा, अंकित नामदेव, सतीश कुमार, अलका सिंह नेगी, प्रिस वाजपेयी, तनुज दत्त शर्मा, राजकुमार आदि मौजूद रहे।