Suicide Case in Agra: खेत में पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवा किसान
Suicide Case in Agra स्वजन बोले फसल बर्बाद होने पर उठाया आत्मघाती कदम। ताजगंज में कुआंखेड़ा के नवलगढ़ी निवासी 28 वर्षीय दीपक यादव के खेत में गेहूं की फसल है। स्वजन के अनुसार बेसहारा पशुओं से खेत की रखवाली करता था।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजगंज क्षेत्र में एक युवा किसान ने पेड़ पर फंदे से लटककर जान दे दी। स्वजन का कहना है कि गेहूं की फसल बेसहारा पशुओं ने बर्बाद कर दी। इसी से आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया है। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
ताजगंज में कुआंखेड़ा के नवलगढ़ी निवासी 28 वर्षीय दीपक यादव के खेत में गेहूं की फसल है। स्वजन के अनुसार, बेसहारा पशुओं से खेत की रखवाली करता था। क्षेत्र में बेसहारा पशुओं का आतंक है। रविवार को पशुओं ने उसकी फसल बर्बाद कर दी। इसके बाद से वह आहत था। सोमवार रात को वह खेत पर चला गया। इसके बाद रात में वहीं रुक गया। खेत में पेड़ पर रस्सी बांधने के बाद वह गले में फंदा डालकर लटक गया। मंगलवार सुबह ग्रामीण खेत पर गए। तब उसका शव फंदे से लटका मिला। स्वजन मौके पर पहुंचे। उसे नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी। स्वजन का कहना है कि क्षेत्र में बेसहारा पशुओं से किसान परेशान हैं। कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से इसकी शिकायत की है। मगर, कोई हल नहीं निकला। इंस्पेक्टर ताजगंज उमेश चंद्र त्रिपाठी का कहना है कि युवक की खुदकुशी का मामला सामने आया है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। खुदकुशी का कारण जानने का प्रयास किया जा रहा है। स्वजन के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी की जा रही है।