बीमारी ने बदल दिया जीने का तरीका, Fitness गुरु बन दे रहीं अब फिट रहने की सीख Agra News
ताजनगरी की रहने वाली वंदना गुप्ता आज योग की दुनिया में बड़ा नाम बन चुकी हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। सपना तो मुंबई में एक्टिंग का था, लेकिन बीमारी ने वंदना को योग की राह पर डाल दिया। अब वह योग के माध्यम से विदेशियों को भी फिट कर रही हैं।
ताजनगरी की रहने वाली वंदना गुप्ता आज योग की दुनिया में बड़ा नाम बन चुकी हैं। कई देशों के डिप्लोमैट्स को योगा सिखा चुकी हैं। नाई की मंडी की गलियों में पली-बढ़ी वंदना को बचपन से ही एक्टिंग और मॉडलिंग का शौक था। जब बड़ी हुई तो आगरा शहर में मॉडलिंग शो और प्रतियोगिताओं में भाग लेना शुरू किया। फिर राह पकड़ी मुंबई की। कई सीरियल किए, फिल्मों में भी काम किया। कई बड़े ब्रांड के लिए मॉडलिंग की और टीवी के लिए विज्ञापनों में भी काम किया। 200 से ज्यादा कमर्शियल विज्ञापन और सीरियल का हिस्सा रहीं। सब सही चल रहा था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
वंदना इतनी बीमार हुई कि डाक्टरों ने जवाब दे दिया। घरवालों की दुआओं से वेंटीलेटर पर पहुंच कर भी लौट आई। अपनी बीमारी से लड़ने के लिए योग को अपनाया और अब योग से ही देश-विदेश में पहचान भी बना ली है। आठ साल खुद योग करने के बाद पिछले पांच सालों से योग सिखा रही हैं। कई चैनल पर योगा सिखाती हैं तो खुद के स्टूडियो को भी संभालती हैं। 40 देशों के डिप्लोमैट्स को योग सिखा चुकी हैं। आईएएस अफसरों को भी अपनी योग टिप्स दे चुकी हैं। आज फिटनेस इंस्ट्रक्टर के रूप में वंदना कई न्यूज चैनल और फिटनेस कार्यक्रमों में टिप्स देती हैं। मिनिस्ट्री ऑफ एक्सटर्नल अफेयर्स से जुड़ी हैं। विदेशों में जाकर भी योग का प्रचार-प्रसार किया और विदेशियों को योग सिखाया। अधिकारियों के लिए होने वाली कार्यशालाओं में योग क्लासेज लेती हैं। योग के कारण देश के कई हिस्सों में फिटनेस गुरू का पुरस्कार भी अपने नाम कर चुकी हैं।