जान हथेली पर लेकर रोजाना सफर, हो न जाए किसी दिन कोई बड़ा हादसा
यमुना पर पोंटून पुल के संपर्क स्लीपर पानी में डूबे। जिला प्रशासन को नहीं है कोई सरोकार।
आगरा, जेएनएन। करीब तीन हफ्ते से यमुना के बीच वृंदावन में बने पोंटून पुल के संपर्क स्लीपरों पर यमुना का पानी बह रहा है। जिसके बीच जान हथेली पर रखकर राहगीर गुजरने को मजबूर हैं। सीधे तौर पर हादसे की आशंका बनी रहती है। बावजूद इसके न तो लोक निर्माण विभाग और न ही जिला प्रशासन ने अब तक राहगीरों की सुध ली है। हालात ये हैं कि वृद्ध हों या बच्चे, बमुश्किल यमुना को पार कर पा रहे हैं।
वृंदावन और मांट के बीच लोगों की राह आसान करने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा केशीघाट पर यमुना में पोंटून पुल बनाया गया है। पोंटून पुल से ग्रामीण अंचल के लोगों के लिए वृंदावन और मथुरा का रास्ता भले ही छोटा हो लेकिन इन दिनों लोगों को पोंटून पुल की राह जानलेवा साबित हो रही है। करीब तीन हफ्ते पहले यमुना के जल में हुई बढ़ोत्तरी के चलते पोंटून पुल के संपर्क स्लीपरों के ऊपर से पानी बह रहा है। इसके बीच से राहगीरों को गुजरने पर मजबूर होना पड़ रहा है। वाहन चालकों को भी दलदल में वाहनों के फंसने का अंदेशा बना रहता है, वहीं पैदल चलने वाले भी बमुश्किल रास्ता पार कर पार रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एसके वर्मा का कहना है कि प्रयागराज में चल रहे कुंभ के लिए यमुना में जल छोड़ा गया। जल छोडऩे से पहले उन्हें जानकारी दी गई होती तो बालू के कट्टे डलवाकर रास्ता ऊंचा कर दिया जाता। जल जब स्लीपर के ऊपर बह रहा है तो ऐसे में कुछ भी नहीं किया जा सकता।