21 करोड़ खर्च फिर भी सब्जी मंडी के सामने जाम का झाम
सिकंदरा सब्जी मंडी अंडरपास में अधूरा पड़ा है कार्य शिकायतों के बाद भी एनएचएआइ अफसर नहीं दे रहे ध्यान
आगरा,जागरण संवाददाता।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) मथुरा खंड के अफसरों ने जनता के साथ धोखा किया है। 21 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी सिकंदरा सब्जी मंडी के सामने जाम के झाम से निजात नहीं मिल रही है। हाईवे की हालत और भी खराब हो गई है। अंडरपास में जल निकासी का समुचित इंतजाम नहीं है, जबकि इसे पूरी तरह से चालू नहीं किया गया है। शिकायतों के बाद भी एनएचएआइ मथुरा खंड के अफसर इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
पांच साल पूर्व सिकंदरा सब्जी मंडी के सामने अंडरपास के निर्माण की मांग उठी थी। क्षेत्रीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। डीएम और तत्कालीन सांसद राम शंकर कठेरिया को ज्ञापन सौंपा था। पुलिस-प्रशासन ने मंडी के सामने जाम की समस्या को देखते हुए अंडरपास के निर्माण की सिफारिश की तब जाकर एनएचएआइ मथुरा खंड ने निर्माण शुरू किया। डेढ़ साल पूर्व सिकंदरा से रुनकता की लेन को चालू कर दिया गया है। रुनकता से सिकंदरा की लेन बंद है। संरक्षा के जो इंतजाम किए जाने चाहिए। वह सभी नहीं किए गए हैं। सिकंदरा सब्जी मंडी अंडरपास में यह कार्य नहीं हुए पूरे
- डेढ़ साल से एक लेन बंद पड़ी है।
- अंडरपास के दोनों तरफ की सर्विस रोड जर्जर हैं।
- सर्विस रोड और अंडरपास के आसपास संरक्षा के इंतजाम नदारद हैं।
- सर्विस रोड के किनारे बेरीकेडिंग नहीं की गई है।
- जल निकासी का समुचित इंतजाम नहीं किया गया है।
- स्ट्रीट लाइटे ठीक से नहीं लगाई गईं हैं।
- सर्विस रोड पर पर्याप्त लाइटें नहीं लगी हैं। - सिकंदरा सब्जी मंडी अंडरपास के अधूरे पड़े कार्य को शुरू कराया जाएगा। इसकी निगरानी भी होगी। जल निकासी के समुचित इंतजाम होंगे।
मनोज बंसल, परियोजना निदेशक एनएचएआइ मथुरा खंड