Bear Rescue Centre: 'अमिताभ' को सेब तो 'गेल' को पसंद है अंडा, यहां हर भालू की बात है निराली
आगरा में बने प्रदेश के इकलौते भालू संरक्षण गृह में वर्तमान में हैं 158 भालू। हर भालू के खाने का रखा जाता है पूरा ध्यान। गर्मियों में तरबूज का लेते हैं आनंद तो सर्दियों में अंडा है खुराक में शामिल। आज भी नहीं भूले नाचने की कला।
आगरा, अमित दीक्षित। अमिताभ की उम्र 22 साल है। खाने में उसे अगर सेब न मिले तो वह गुस्सा हो जाता है। सेब के अलावा दलिया उसका पसंदीदा भोजन है। वहीं वेस्ट इंडीज के क्रिकेटर की नाम राशि गेल की उम्र 18 साल है। गेल को खाने में अंडा बेहद पसंद है। अंडा न मिले तो खाना नहीं खाता है। चमेली नाम के अनुरूप थोड़ी मूडी है। पपीतेे की दीवानी चमेली को तय समय से अगर खाना देरी से मिले तो नाराजगी जताती है। स्वाद के मामले पर आकर सब चूजी हैं, वह चाहें इंसान हों या फिर भालू।
आगरा दिल्ली नेशनल हाईवे-19 के किनारे सूर सरोवर पक्षी विहार है। पक्षी विहार के एक हिस्से में उत्तर प्रदेश का इकलौता भालू संरक्षण गृह है। इस गृह में वर्तमान में 158 भालू हैं। यह सभी भालू कलंदरों से छुड़ाए गए हैं, जिनकी देखभाल की जिम्मेदारी वाइल्ड लाइफ एसओएस कर रही है। कई भालू प्रदेश के बाहर से लाए गए हैं। प्रभारी अधिकारी बैजू राज ने बताया कि एक भालू मांगी की उम्र 23 साल है। पपीता पसंदीदा फल है। उन्होंने कहा कि जैसे इंसान को अलग-अलग काम और भोजन पसंद होते हैं, वैसा ही भालुओं के साथ है। हम लोग इस बात का ध्यान रखते हैं कि सप्ताह में कम से कम दो दिन हर भालू को उसकी पसंद का भोजन उपलब्ध करा सकें। अन्य दिनों में सभी के लिए एक सा ही भोजन बनता है। मौसमी फलों को भी इनकी खुराक में शामिल किया जाता है। रेस्क्यू सेंटर में भालुओं को मस्ती करने के लिए अलग अलग साधन उपलब्ध कराए गए हैं।
माइकल को चाहिए लप्सी
बैजू राज बताते हैं कि माइकल की उम्र 19 साल है। उसे दलिया और लप्सी सबसे अधिक पसंद है। लप्सी न मिलने पर माइकल बेचैन हो जाता है।
गणेश को झूला झूलने में आता है मजा
गणेश भालू की उम्र 22 साल है। खाना खाने से पहले गणेश जूट की बोरी से बने झूले में झूलता है। गणेश को खाने मे सबसे अधिक सेब पसंद है।