त्योहार से पहले ही ठप हुई पुलिस के Weekly Off की व्यवस्था Agra News
शहर के चार और देहात के 24 थानों में शुरू हुआ था पुलिसकर्मियों का वीकली ऑफ डेढ़ माह ही चल सकी व्यवस्था।
आगरा, जागरण संवाददाता। काम का बोझ। हर तरफ की जवाबदेही और ड्यूटी का भी कोई समय तय नहीं। लगातार ऐसे माहौल में काम कर रहे पुलिसकर्मियों के तनाव को कम करने को वीक ली ऑफ की व्यवस्था की गई थी। मगर, यह डेढ़ माह बाद ही ठप हो गई। फिलहाल पुलिसकर्मियों की छुट्टी बंद चल रही हैं। इसलिए वीकली ऑफ भी बंद है।
पुलिस का तनाव कम करने के लिए डीजीपी ओपी सिंह ने वीकली ऑफ देने के निर्देश दिए थे। इसके लिए एसएसपी बबलू कुमार ने सभी थानों में पुलिसकर्मियों की छुट्टी के लिए रोस्टर तैयार कराए थे। देहात के 24 थानों और शहर के चार थानों का रोस्टर तैयार हो गया था। एक सितंबर से इन थानों में वीकली ऑफ देना शुरू कर दिया। शहर के सदर, एमएम गेट, हरीपर्वत और छत्ता थाने में पुलिसकर्मियों को ऑफ मिला। ऑफ के दिन पुलिसकर्मियों ने अपने परिवार के साथ समय बिताया। कुछ ने पेंडिग पड़े घर के काम निपटाए तो कुछ परिवार को लेकर घूमने निकले। वीकली ऑफ की यह खुशी अधिक समय तक बरकरार नहीं रह सकी। डेढ़ माह बाद ही पुलिस की छुट्टी बंद होने के आदेश के बाद ये भी बंद हो गए। दीपावली से पहले ही ऑफ की यह व्यवस्था अन्य थानों तक जाने के बजाय दम तोड़ गई।
एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि पुलिसकर्मियों के वीकली ऑफ का सिस्टम त्योहार और छुट्टियां बंद होने के कारण रुक गया था। त्योहार के बाद फिर से वीकली ऑफ शुरू कराने पर विचार किया जाएगा।