UP Weather 2019: धुंध से धुंधली हुई सुबह, छाए बादल, बढ़ी सर्दी
सोमवार को आई आंधी बारिश के बाद मौसम बदला। सुबह देर तक छाई रही धुंध।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में सोमवार को बदले मौसम के मिजाज का असर बुधवार को दिख रहा है। सुबह देर तक छाए कोहरे ने सूरज को बादलों की ओट से निकलने नहीं दिया। सुबह अचानक बढ़ी सर्दी के कारण लोगों को रजाई से निकलने में परेशानी हुई वहीं स्कूली बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। उधर कोहरे के कारण वाहनों की गति धीमी रही। कई ट्रेनों का समय भी बाधित रहा।
आगरा मंडल में सोमवार को आंधी, बारिश और ओले पडऩे के कारण दो दिन से मौसम बदला हुआ है। मंगलवार सुबह भी बारिश और ओले के साथ हुई थी। हालाकि दिनभर मौसम खुला रहा लेकिन देर रात से मौसम ने फिर करवट ले ली। बुधवार सुबह घना कोहरा और सर्दी बढ़ गई।
इससे अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान बढ़ गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार व गुरुवार को बादल छाए रहेंगे। तेज हवा के साथ बारिश भी आ सकती है।
बारिश से कम हुआ तापमान
मंगलवार को अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सोमवार के 25.1 डिग्री से 4.5 डिग्री सेल्सियस और सामान्य तापमान से दो डिग्री सेल्सियस कम था। जबकि न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री रहा। यह सोमवार के 11 डिग्री से 3.5 डिग्री और सामान्य तापमान से छह डिग्री अधिक था। पिछले 24 घंटों में आगरा में 9.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। सोमवार रात को 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती रही।
कोहरे के कारण हुए सड़क हादसे
बुधवार को सुबह घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फीरोजाबाद के नारखी में जलेसर रोड पर बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वहीं मैनपुरी के थाना दन्नाहार की कीरतपुर चौकी के पास कल्लू के मड़इया में डीसीएम से एक वॉल्वो बस टकरा गई। आमने सामने के इस हादसे में करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।