लालफीताशाही के कारण प्यासी रही ताजनगरी, भटकते रहे लोग
- जीवनी मंडी और सिकंदरा वाटरवर्क्स से जलापूर्ति रही ठप, शिकायत के बाद भी नहीं भेजे गए पानी के टैंकर
आगरा, जागरण संवाददाता। जल संस्थान की लापरवाही हजारों लोगों पर भारी पड़ रही है। गणतंत्र दिवस पर लालफीताशाही के कारण आधे शहर में जलापूर्ति ठप रही। लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शिकायतों के बाद भी जल संस्थान ने पानी के टैंकर नहीं भेजे।
ये है मामला
शुक्रवार और शनिवार को जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से 89 एमएलडी और सिकंदरा व एमबीबीआर प्लांट से 144 एमएलडी पानी की आपूर्ति हुई। शहर को हर दिन चार सौ एमएलडी पानी की जरूरत होती है। लीकेज के चलते जलापूर्ति लड़खड़ा गई। रही सही कसर जोनल पंपिंग स्टेशनों ने कर दी। कर्मचारियों ने न तो लीकेज की मरम्मत की और न ही वॉल्व को सही समय पर खोला। इससे जलापूर्ति नहीं हो सकी। उधर, गुरु का ताल आरओबी के नीचे से होकर गुजरी पाइप लाइन में लीकेज बढ़ गई है। हर दिन लाखों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है।
जलस्तर में कमी
यमुना नदी का जलस्तर 479 फीट पर पहुंच गया है। इससे जीवनी मंडी वाटरवर्क्स के पंप हांफने लगा हैं।
सदन में उठाएंगे मुद्दा
पार्षद प्रियंका प्रजापति का कहना है कि शुक्रवार व शनिवार को जल संस्थान के अफसरों के मोबाइल बंद रहे या फिर उन्होंने फोन नहीं उठाया। यह मुद्दा सदन में उठाया जाएगा। पार्षद राहुल चौधरी का कहना है कि जलापूर्ति प्रभावित रहने की शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
पाइप लाइन में लीकेज, आरओबी को खतरा
आगरा: गुरु का ताल आरओबी के नीचे से होकर गुजरी 1600 एमएम की लाइन में तीन लीकेज हैं। यह लीकेज दो माह पूर्व हुए थे। जल संस्थान इनकी मरम्मत कराने को तैयार ही नहीं।
पाइप लाइन के समीप दिल्ली-आगरा रेलवे लाइन है। रविवार को लाइन में लीकेज बढ़ने पर रेलवे अफसरों ने नाराजगी जताई। उन्होंने जल संस्थान के अफसरों को फोन कर लाइन बंद कराने को कहा। लगातार पानी बहने से रेलवे लाइन को भी खतरा पैदा हो गया है। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी है। जल संस्थान के अफसरों की लापरवाही के चलते पानी बर्बाद हो रहा है। इसे लेकर बैठक बुलाई जा रही है।
इन क्षेत्रों में नहीं आया पानी
लोहामंडी, गोकुलपुरा, राजा की मंडी, ताजगंज, आवास विकास सेक्टर दो से पांच, गधापाड़ा, बल्केश्वर और कमलानगर की कुछ कॉलोनियां, दयालबाग, बोदला, शाहगंज, संजय प्लेस व दिल्ली गेट।