दो दर्जन क्षेत्रों में जलापूर्ति ठप, टूटी पाइप लाइनों पर नहीं दिया जा रहा ध्यान
डीवीवीएनएल कार्यालय और सिकंदरा आरओबी के पास राइजिंग लाइन में लीकेज लोहामंडी शाहगंज दयालबाग सहित अन्य क्षेत्रों में नहीं आया पानी
आगरा, जागरण संवाददाता। शहर में बुधवार सुबह व शाम को जलापूर्ति लड़खड़ा गई। दो दर्जन क्षेत्रों में पानी नहीं आया।
जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से बुधवार को 135 के बदले 90 एमएलडी पानी की आपूर्ति हुई। कम आपूर्ति के चलते ताजगंज, मंटोला, संजय प्लेस, लायर्स कॉलोनी, तहसील सदर रोड में पानी नहीं आया। वहीं डीवीवीएनएल कार्यालय के पास खोदाई के दौरान राइजिंग लाइन में लीकेज हो गया। इससे पानी आसपास भर गया। वहीं सिकंदरा रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) के नीचे राइजिंग लाइन में लीकेज हो गया। यहां पर भी पानी बर्बाद होता रहा। लीकेज होने के चलते राइजिंग लाइन में पानी का प्रेशर कमजोर हो गया। इससे लोहामंडी, शाहगंज, दयालबाग, बोदला, सिकंदरा क्षेत्रों में जलापूर्ति ठप रही। सिकंदरा से 140 एमएलडी पानी की आपूर्ति
सिकंदरा वाटरवर्क्स और एमबीबीआर प्लांट से बुधवार को 140 एमएलडी पानी की आपूर्ति हुई। 70 एमएलडी गंगाजल और 70 एमएलडी यमुना जल शामिल है।
480 फीट पर टिका यमुना का जलस्तर
यमुना नदी का जलस्तर 480 फीट पर टिका हुआ है। यह न्यूनतम जलस्तर है। जलस्तर में अगर इससे अधिक कमी आती है तो शहर के एक चौथाई क्षेत्र में जलापूर्ति ठप हो जाएगी।
-शहर के कई क्षेत्रों में पानी न आने की शिकायतें मिलती हैं। टीम भेजकर लाइनों की मरम्मत कराई जा रही है।
आरएस यादव, महाप्रबंधक जल संस्थान टूटी पाइप लाइन की नहीं हो रही मरम्मत :
सर्दी के मौसम में भी शहर में कहीं न कहीं पानी की समस्या बनी रही है। अब गर्मी भी दूर नहीं हैं। शाहगंज में राम नगर की पुलिया के पास पाइप लाइन के टूटी होने से लोगों को तो परेशानियां हो ही रही हैं साथ ही पानी की भी बर्बादी हो रही है। इस टूटी पाइप लाइन की मरम्मत करने वालों का तो कोई पता नहीं, लेकिन इससे बहने वाला पानी सड़कों पर आ ने वाला है। इस क्षेत्र के लोगों ने करीब एक सप्ताह पहले इसकी शिकायत निगम से की थी, लेकिन उन्हें एक से दूसरे ऑफिस तक घुमाया जा रहा है, निगमकर्मियों का कहना होता है कि उनकी इस समस्या को लोहामंडी कार्यालय पर पहुंचा दिया गया है, फिर भी इसकी मरम्मत करने को अभी तक किसी ने प्रतिबद्धता नहीं दिखाई है।