Theft in Agra: आगरा में जागते रहे चौकीदार, चोरी के बाद खाट बिछाकर सोते रहे चोर
Theft in Agra आगरा के सदर थाना क्षेत्र की न्यू सुरक्षा कालोनी की घटना। गांव गया था होटल कर्मचारी पीछे से चोरों ने बोला धावा। गेट बंद कालोनी में तैनात हैं तीन चौकीदार फिर भी हो गई चोरी। होटल कर्मचारी का आरोप पुलिस ने जांच के नाम पर की खानापूर्ति।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के सदर थाना क्षेत्र की गेट बंद कालोनी में चौकीदार पूरी रात जागते रहे। इसके बावजूद चोरो ने एक होटल कर्मचारी के घर पर धावा बोल दिया। उसके घर के ताले तोड़ने के बाद अंदर घुस गए। मकान की तलाशी और लाखों के नकदी-जेवरात की तलाश में कई घंटे जुटने के बाद चोर बुरी तरह थक गए। वह मकान की छत पर रखी खाट को उठा करके कमरे में ले आए। उसे बिछाकर आराम से सोते रहे। इसके बाद कब वहां से निकल गए चौकीदारों को इसकी भनक तक नहीं लगी। मकान मालिक परिवार समेत गांव से लौटा तो ताले टूटे देखकर होश उड़ गए।
सदर के ग्वालियर हाईवे स्थित गेट बंद कालोनी न्यू सुरक्षा निवासी राम प्रकाश एक होटल में कर्मचारी हैं। वह बुधवार की दोपहर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ फतेहपुर सीकरी के गांव पृथ्वीपुरा गए थे। रात अधिक होने के चलते वह परिवार समेत गांव में ही रुक गए। होटल कर्मचारी राम प्रकाश गुरुवार की दोपहर घर लौटे। उन्हें मुख्य गेट पर ताला लगा मिला। मगर, लाबी में बनी खिड़की टूटी मिली। चोर खिड़की के रास्ते घर में घुसे थे। इसके बाद उन्हाेंने कमरे और अलमारी का ताला तोड़ा। अलमारी के लाकर में रखे छह तोला सोने के जेवरात, एक किलो चांदी और दस हजार रुपये चोरो ने अपने कब्जे में ले लिए।
राम प्रकाश के अनुसार चोरों ने चोरी करने के बाद घर में रात में आराम भी फरमाया था। उनकी जो खाट छत पर रखी थी। वह घर लौटने पर उनके कमरे में बिछी हुई थी। राम प्रकाश के सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।उन्होंने पुलिस को बताया कि चोरी गए जेवरात की कीमत साढ़े तीन लाख रुपये है। राम प्रकाश ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंची पुलिस खानापूर्ति करके लौट गई। उसने डाग स्क्वायड को भी मौके पर नहीं बुलाया। इससे कि चोरों का सुराग मिल सकता। इंस्पेक्टर सदर जितेंद्र कुमार ने बताया कालोनी में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
गेट बंद कालोनी में कैसे आ गए चोर
होटल कर्मचारी का कहना था कि कालोनी गेट बंद है। यहां दिन में दो और रात में तीन गार्ड रहते हैं। ऐसे में किसी का इतनी आसानी से कालोनी में आना संभव नहीं है। चौकीदारों की सर्तकता पर भी यह सवाल उठता है। क्योंकि तीन गार्ड के बावजूद चोर उन्हें चकमा देकर घर में चोरी कर गए।
रेकी के बाद चोरों ने बोला धावा
राम प्रकाश का कहना है कि चोरी रेकी के बाद हुई है। चोरों का पता था कि वह रात में नहीं लौटेंगे। इसी के चलते उन्होने घर मे ंघुसकर आराम से चोरी की। इसके बाद खाट बिछाकर आराम फरमाया। क्योंकि रात में कालोनी से निकलकर जाते में पकड़़े जाने का डर रहता। इससे प्रतीत होता है कि चोर निश्चिंत होकर आए थे।
सीसीटीवी कैमरे से उम्मीद
कालोनी में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। पुलिस को अब सीसीटीवी कैमरों से सुराग मिलने की उम्मीद है। वह कैमरों की फुटेज चेक कर रही है। इससे कि चोरों का सुराग हासिल किया जा सके।