Encounter in Agra: बैंक और पेट्रोल पंप लूटने वाला राजस्थान का कुख्यात आगरा पुलिस के साथ मुठभेड़ में ढेर, लंबे समय से थी तलाश
इरादत नगर में बैंक डकैती समेत कई घटनाओं काे दे चुका था अंजाम लंबे समय से था फरार 50 हजार का इनामी मुकेश ठाकुर। पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग करने के बाद पुलिस ने की जवाबी फायरिंग। सोमवार तड़के बीएसएनएल ग्राउंड के पास मारा गया।
आगरा, यशपाल चौहान। बड़ी वारदातों के जरिए आगरा में आतंक का पर्याय बन चुका कुख्यात बदमाश मुकेश ठाकुर सोमवार तड़के आगरा पुलिस के साथ मुठभेड़ में ढेर हो गया। इरादतनगर में केनरा बैंक में डकैती डालने के बाद राजस्थान के बसेड़ी इलाके का निवासी मुकेश ठाकुर फरार चल रहा था। 50 हजार के इनामी कुख्यात को पुलिस ने रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार तड़के रायफल बरामदगी को ले जाते समय बदमाश ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो मुकेश ठाकुर के गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुकेश ठाकुर पर उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्यप्रदेश में कई मुकदमे दर्ज थे।
कुख्यात मुकेश ठाकुर ने 16 फरवरी को इरादतनगर में केनरा बैंक में दिनदहाड़े फायरिंग कर 6.77 लाख रुपये की डकैती डाली थी। उसके गैंग के कुछ बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया था। मुकेश के कुछ साथी राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए थे। मगर, मुकेश ठाकुर हाथ नहीं आया था। ऐसे में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आइजी नवीन अरोरा ने बताया कि मुकेश ठाकुर को देर रात पुलिस ने चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद एसओजी, सर्विलांस और क्राइम ब्रांच की टीम उसे रायफल बरामदगी को साथ लेकर जा रही थी। तभी सदर क्षेत्र में बीएसएनएल ग्राउंड के पास मुकेश ठाकुर ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। फायरिंग करने के बाद वह भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी करके उस पर जवाबी फायरिंग की। इसमें उसके गोली लग गई। बदमाश को घायल अवस्था में एसएन इमरजेंसी ले जाया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही भी चोटिल हो गए हैं। उन्हें भी उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।
बीहड़ में कराई गई थी कॉम्बिंग
जगनेर क्षेत्र में ठाकुर फिलिंग स्टेशन पर भी मुकेश ठाकुर गैंग ने लूट की थी। इस दौरान पेट्रोल पंप कर्मचारियों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं। पंप से मुकेश ठाकुर गैंग कैश के अलावा गार्ड की रायफल भी लूट ले गया था। इस लूट के बाद ही मुकेश ठाकुर का नाम सुर्खियों में आया था। इस दौरान पुलिस ने बीहड़ में कॉम्बिंग कराई थी लेकिन मुकेश ठाकुर बीहड़ के रास्ते मध्यप्रदेश की ओर निकल गया था।
पहलवान जैसी थी कद काठी
मुकेश ठाकुर की कद-काठी देसी पहलवान जैसी थी। ठीक-ठाक लंबाई के साथ गठीलेे शरीर वाला मुकेश ठाकुर अपने शरीर पर खास ध्यान देता था। उसके साथी बताते हैं कि मुकेश खुराक के साथ वर्जिश भी खूब करता था। अकेले में इतनी दम थी कि तीन-चार लोगों को पटक ले। इसी कद-काठी की वजह से अपराध की दुनिया में उसका सिक्का चल रहा था।