Agra Darshan: दीवारों पर 'आगरा दर्शन', गुजरेंगे इस सड़क से तो होगा सुखद अहसास
स्मार्ट सिटी योजना के तहत फूल सैय्यद चौराहा से होटल अमर तिराहा तक सड़क किनारे दीवारों पर बनाई गईं आकर्षक तस्वीरें। इसमें आगरा के प्रमुख स्थलों के साथ-साथ यहां के खान-पान और प्रसिद्ध विभूतियों के चित्रों को उकेरा गया है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा स्मार्ट सिटी योजना के तहत ताजमहल के आसपास सौंदर्यीकरण के तमाम कार्य कराए जा रहे हैं। इसी के तहत कमिश्नरी के सामने मुख्य सड़क के दोनों ओर आकर्षक पेंटिंग की गई हैं। इसमें आगरा के प्रमुख स्थलों के साथ-साथ यहां के खान-पान और प्रसिद्ध विभूतियों के चित्रों को उकेरा गया है।
ताजमहल, आगरा किला, अकबर का मकबरा ही नहीं, सेंट पीटर्स कालेज, ललित कला संस्थान, कीठम पक्षी विहार की तस्वीरें बनाई गई हैं। इसके साथ ही आगरा के प्रसिद्ध व्यंजन, लोक नृत्य, ताजमहोत्सव, कैलाश मेला को भी चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है। दरअसल, ये पर्यटन बाहुल्य क्षेत्र है।
ताजमहल देखने के बाद बहुत से पर्यटक इस क्षेत्र में पैदल ही भ्रमण करते हैं। वह ताजनगरी के बारे में और करीब से जान सकें, इसके लिए यह पेंटिंग की गई हैं। साथ यह भी कोशिश है कि इन पेंटिंग को देखने के बाद पर्यटकों में इन स्थलों तक पहुंचने की जिज्ञासा जागे। ताकि ताजनगरी में पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। फूल सैय्यद चौराहा से होटल अमर तिराहा तक सड़क के दोनों ओर ये तस्वीरें उकेरी गई हैं। इतना ही नहीं, हाल ही में सर्किट हाउस रोड का भी कायाकल्प किया गया है। यहां भी सड़क के दोनों ओर दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग की गई हैं। इसके साथ ही पाथवे तैयार किए गए हैं। इनके बीच हरियाली विकसित की जा रही है। बहुत से पर्यटक यहां से गुजरते हैं। इसके अलावा देश और प्रदेश के तमाम नेताओं को भी यहां से आना-जाना रहता है।