देहात अंचल में कई जगह फायरिग और पथराव
बरहन और बाह में दो पक्षों में संघर्ष बरहन पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा दिगरौता में पूर्व प्रधान के पुत्र को पीटा फायरिग व्यापारियों ने बंद रखा बाजार
जागरण टीम, आगरा: होली और भाईदूज पर देहात अंचल में जगह-जगह पथराव और फायरिग की घटनाएं हुई। बरहन की घटना में पुलिस ने केस दर्ज किया तो बाह पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है। दिगरौता में पूर्व प्रधान के पुत्र के साथ मारपीट के बाद बाजार बंद रहा।
बरहन: अहरन के मुत्थर अलीपुर में दो पक्षों में मारपीट के बाद जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। पुलिस ने मौके से 15 को गिरफ्तार किया है। इनमें अशोक कुमार, राहुल, रविंद्र, शीलेंद्र, लक्ष्मण, राजा, अभिषेक, लोकेश, मोहित, राहुल, विनय, वीर विक्रम और भंवर सिंह समेत आरोपित शामिल हैं। अहारन एसआइ लोकेश सिसोदिया ने आरोपितों के विरुद्ध बलवा समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बाह: वृषंगपुरा के पूर्व प्रधान धर्मेद्र और प्रेमपाल पक्ष में पुरानी रंजिश चल रही है। इनके बीच कई बार फायरिग और पथराव हो चुका है। मंगलवार को प्रेमपाल पक्ष का एक युवक बाइक से गुजर रहा था। उसकी बाइक का पहिया धर्मेद्र पक्ष के पशु की पूंछ पर चढ़ गया। इसी बात पर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और जमकर पथराव हुआ। घटना में उम्मेद घायल हो गया। इसके बाद दोनों ओर से फायरिग भी हुई। पुलिस का कहना है कि उम्मेद को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है। आरोपितों को चिह्नित किया जा रहा है।
कागारौल: दिगरौता के पूर्व प्रधान पप्पू के बेटे ज्ञानेश की बाजार में दुकान है। सोमवार को तीसरे पहर तीन बजे ज्ञानेश दुकान से घर जा रहा था। आरोप है कि तभी गांव के कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। मारपीट कर उन्हें बंधक बनाने की कोशिश की गई। यह देख ज्ञानेश भागकर घर पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद आधा दर्जन लोगों हथियारों के साथ ज्ञानेश के घर में प्रवेश किया और तोड़फोड़ कर फायरिग की। घटना के बाद गुस्साए व्यापारियों ने बाजार बंद कर आक्रोश जताया। उन्होंने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पप्पू ने थाने में तहरीर दी है। एसओ प्रशांत त्यागी ने कहा कि जांच के बाद कार्रवाई होगी।