फतेहाबाद में फैला वायरल बुखार, छह कोरोना संक्रमित
बीमारी की सूचना पर पहुंची थी स्वास्थ्य विभाग टीम 54 के लिए गए थे सेंपल
जागरण टीम, आगरा। फतेहाबाद के नगरचंद गांव में वायरल बुखार ने 80 लोगों को चपेट में ले लिया है। कई घरों में चारपाइयां बिछी हुई हैं। सूचना पर शनिवार को गांव में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बीमार लोगों का इलाज किया। 54 लोगों की कोरोना की जांच कराई गई। इनमें छह पाजिटिव केस मिले। उन्हें होम क्वारंटाइन किया गया है।
फतेहाबाद के नगरचंद गांव में यह बीमारी चार अप्रैल से शुरू हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक इसमें तेज बुखार आया। पानी की पट्टी रखने पर आराम मिला लेकिन शरीर में जकड़न के साथ दर्द बढ़ गया। खांसी और जुकाम के साथ गले में भी दिक्कत हो रही थी। वे गांव के ही झोलाछापों से इलाज करा रहे थे। शनिवार को कई लोगों को शिकायत होने पर इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा. एके सिंह के निर्देशन में चिकित्सकों की टीम ने गांव में पहुंचकर 80 मरीजों का इलाज किया। अधीक्षक के मुताबिक 54 लोगों की कोरोना जांच की गई। इनमें छह कोरोना पाजिटिव निकले हैं। एक महिला व पांच पुरुष हैं। इन्हें होम क्वारंटाइन किया गया है। ये हैं बीमार
रामसनेही देवी, नीतू देवी, जानवी, मानवी, छोटी देवी, मल्ला देवी, सुरेंद्र सिह, ओंकार सिह, जगदीश, अशोक, चांदनी, उमा देवी, लीलावती, शेर सिंह, सुखलाल, जबर सिंह, राकेश, शेरू सहित 50 से अधिक बीमार हैं।
लक्षण
- वायरल एक से अन्य सदस्यों को फैलता है।
- दिन में गर्मी और रात में सर्दी यह मौसम सही नहीं है। वायरल इसी से फैलता है।
- तेज बुखार, थकान, शरीर टूटना, ठंड से बुखार, उल्टी-दस्त
- एक हफ्ते तक रहता है।
बचाव
- फ्रिज व ठंडा पानी नहीं पीना है।
- धूल और धुएं से बचाव करें।
- ताज पानी पीएं, पोष्टिक भोजन लें।
- तबीयत बिगड़ने पर डाक्टर की सलाह लें।