Ram Mandir Ayodhya: भारतीय संस्कृति का वाहक बनेगा श्रीराम मंदिर: चंपत राय
Ram Mandir Ayodhya अयोध्या से दिल्ली जाते हुए भाजपाइयों ने विहिप के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय को सौंपी बटेश्वर घाट की रज।
आगरा, जागरण संवाददाता। अयोध्या से दिल्ली जाते हुए विहिप के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय से भेंट करने भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इनर रिंग रोड पर पहुंच गए। भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर निर्माण से जुड़े तथ्यों के बारे में जाना तो उन्हें बटेश्वर के घाट की पवित्र रज भी सौंपी। कार्यकर्ताओं ने बताया कि उपाध्यक्ष राय ने कहा भव्य राम मंदिर विश्व में भारतीय संस्कृति का वाहक बनेगा। मंदिर निर्माण के साथ ही सभी घाटों का जीर्णोद्धार भी होगा और युवा पीढ़ी को उनके इतिहास से भी अवगत कराया जाएगा। ये हम सभी के लिए सौभाग्य की बात हैं कि श्रीराम का भव्य मंदिर हमारे सामने स्वरूप लेगा। इस दौरान भाजपा नेता अनुराग उपाध्याय, जिला मंत्री सहदेव शर्मा, कपिल खत्री, मनोज माहौर, सुभाष प्रजापति, प्रताप सिंह, अभय सिकरवार, पारस सिकरवार, देवेंद्र लोधी, राज ठाकुर, सनी गोला आदि मौजूद थे।