सर्दियों में नहाने को चाहिए गर्म पानी तो गैस गीजर के प्रयोग में बरतें ये अहम सावधानी
जरा सी लापरवाही बना सकती है हादसे का शिकार। नर्वस सिस्टम पर पड़ता है प्रभाव, जान का भी खतरा।
आगरा, [जेएनएन]: सर्दियां शुरू हो गई हैं। कोठियों की शान गीजर अब आम घरों में दिखने लगे हैं। गैस गीजर आज लोगों की पहली पसंद हैं। सस्ता है तो बिजली न होने पर नहाने के लिए इंतजार भी नहीं करना होता, लेकिन यह विषैली गैसों से बाथरूम को जानलेवा बना रहे हैं। अब तक कई हादसे हो चुके हैं। ऐसे में इनका प्रयोग करते वक्त सावधानी अपेक्षित है।
अब तक हुए हादसे
- बीते दिनों फीरोजाबाद में एक किशोरी की मौत हो गई तथा एक घायल हो गई।
- दो जनवरी 2012 में गाजियाबाद में एक इंजीनियर गैस गीजर से निकली गैस के कारण कोमा में चले गए।
- पांच जनवरी 2011 में गाजियाबाद के ही एक कॉलेज में एक छात्र बेहोश हो गया।
- कासगंज में भी गैस गीजर से दो वर्ष पूर्व हादसा हो चुका है।
क्यों होते हैं हादसे
- गैस गीजर एलपीजी गैस सिलेंडर से चलते हैं।
- गैस गीजर से कार्बन मोनो ऑक्साइड एवं नाइट्रो ऑक्साइड गैस बनती है।
- बाथरूम में इस गैस की मात्रा बढ़ जाने पर व्यक्ति बेहोशी की स्थिति में पहुंच जाता है।
यह बरतें सावधानी
- गीजर खासतौर पर गैस गीजर को जहां तक संभव हो, बाथरूम से बाहर लगवाएं।
- बाथरूम में वेंटीलेशन के लिए खिड़की जरूर हो, ताकि गैस अंदर बाथरूम में न भरे।
विशेषज्ञ की राय
अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र के अनुसार कई लोग गैस सिलेंडर को बाथरूम में लिटाकर रख देते हैं, इससे गैस सिलेंडर में विस्फोट की आशंका रहती है। बाथरूम में गैस सिलेंडर को खड़ा रखें। बाथरूम में खिड़की अवश्य हो।
किफायती है गैस गीजर
गीजर विक्रेता नीरज माहेश्वरी के अनुसार गैस गीजर एवं विद्युत गीजर के खर्च में ज्यादा अंतर नहीं आता है। एक सिलेंडर में चार लोगों का परिवार पूरी सर्दी काट सकता है तो चार लोगों के परिवार में रोज एक से डेढ़ यूनिट बिजली फुंकती है। कामर्शियल बिजली प्रयोग करने वालों के लिए बिजली गीजर का खर्च कुछ ज्यादा होता है।
कीमतों में तुलना
2700 से 5500 रुपये है गैस गीजर की कीमत।
3200 से 7000 रुपये है विद्युत चालित गीजर की कीमत।