UP- Rajasthan Border Seal: गोवर्धन परिक्रमा फिर बंद, आगरा की तरफ से भी आवागमन रुका
UP Rajasthan Border Seal आठ जून से शुरु हुई परिक्रमा तीन दिन बाद ही रुकी। गोवर्धन का डेढ़ किमी का क्षेत्र आता है राजस्थान सीमा में।
आगरा, जेएनएन। बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते राजस्थान सरकार ने अपनी सभी सीमाओं को सील कर दिया है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे सभी सीमा बैरियर लगाकर सील कर दी गईंं। ऐसे में अब गोवर्धन परिक्रमा पर भी संकट आ गया है। 21 किलोमीटर की गोवर्धन परिक्रमा में करीब डेढ़ किलोमीटर का एरिया राजस्थान के भरतपुर जिले में आता है। सीमा सील कर दिए जाने से गोवर्धन परिक्रमा आज से फिर बंद कर दी गई। 24 मार्च को लॉकडाउन के साथ ही गोवर्धन परिक्रमा भी रोक दी गई थी। लेकिन प्रदेश सरकार के आदेश के बाद 8 जून से परिक्रमा फिर शुरू हो गई थी। बुधवार सुबह लोगों ने परिक्रमा लगाई। लेकिन 3 दिन के बाद ही राजस्थान की सभी सीमाएं सील किए जाने के चलते गोवर्धन परिक्रमा पर फिर ब्रेक लग गया है। वाहनों के साथ-साथ राजस्थान सीमा में पैदल यात्रियों आवागमन पर रोक लगा दी गई है। हालाकि सीमा सात दिन के लिए सील की गई है।
बता दें कि राजस्थान में एक जून को अनलाॅक एक के बाद से कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े है। हर रोज औसतन दो सौ से ढ़ाई सौ केस आ रहे है। मंगलवार को यह आंकड़ा बढ़ कर 369 तक पहुंच गया जो एक दिन में अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा हैं। वहीं बुधवार को भी सुबह 10.30 बजे तक 123 मामले सामने आ चुके है। मौतों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है और अब तक 256 मौतें हो चुकी है। ऐसे में एहतियात बरततेे हुए राजस्थान सरकार ने अपने प्रदेश की सीमाएं सील कर दी हैं। राजस्थान की सीमाएं पांच राज्यों से मिलती हैं। जिनमें उत्तर में पंजाब, उत्तर-पूर्व में हरियाणा, पूर्व में उत्तर प्रदेश, दक्षिण-पूर्व में मध्यप्रदेश तथा दक्षिण में गुजरात है। अब अधिकृत अधिकारी की अनुमति से ही वाहनों की आवाजाही हो सकेगी। मथुरा के साथ साथ फतेहपुर सीकरी की तरफ से भी सीमाओं को सील कर दिया गया है। आगरा की तरफ से भी राजस्थान की ओर आवागमन बिना अधिकारिक अनुमति के नहीं हो सकेगा।