जीत की कामना के लिए शुभ मुहूर्त पर नामांकन, पहले लिया भगवान का आशीर्वाद
UP Assembly Election 2022 यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशी फूंक फूंक कर कदम रख रहे हैं। प्रयासों में दुआओं को भी महत्वपूर्ण मानकर चल रहे हैं। घर से लेकर मंदिर और गुरुद्वारे झुकाया सिर। जीत की कामना के लिए शुभ मुहूर्त में किया नामांकन।
आगरा, जागरण संवाददाता। मनचाही पार्टी से टिकट तो मिल गया, लेकिन जीतने के लिए जनता का प्यार ही काफी नहीं। ग्रहों की सही स्थिति और भगवान का आशीर्वाद भी जरूरी है। इसलिए नामांकन करने पहुंचें सभी प्रत्याशियों ने पहले अपने आराध्यों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद शुभ मुहूर्त देखकर ही नामांकन किया।
जो प्रत्याशी समय से पहले कलक्ट्रेट पहुंच गए, वह शुभ मुहूर्त के इंतजार में नामांकन की औपचारिताएं पूरी करने और मीडिया के जरिए अपनी आवाज लोगों तक पहुंचाने की कवायद में लगे रहे क्योंकि वर्चुअल प्रचार के लिए यही उनके सामने सबसे प्रभावी माध्यम था। वहीं कुछ राजनीतिक पार्टियों के प्रत्याशियों के साथ कुछ निर्दलीय प्रत्याशी आते-आते थोड़े लेट हो गए, तो उन्हें शुभ मुहूर्त निकलने के डर से कलक्ट्रेट गेट से नामांकन कक्ष तक दौड़ लगानी पड़ी।
गुरुद्वारे से मंदिर तक पहुंचें प्रत्याशी
आगरा उत्तर क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने पूजा की शुरूआत घर से की। इसके बाद वह जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर, माईथान गुरुद्वारा समेत कई मंदिरों में पहुंचें और आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने महाराजा अग्रसेन और पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सीट से पूर्व विधायक रहे विकल और जगन प्रसाद गर्ग की फोटो पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद नामांकन किया। वहीं दक्षिण क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी योगेंद्र उपाध्याय ने नामांकन से पहले भगवान बाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर और गुरुद्वारे में पहुंचकर आशीर्वाद लिया। फिर नामांकन किया। वहीं अन्य प्रत्याशियों ने भी अपने घर पर पूजा की। स्वजन ने उन्हें तिलक लगाकर रवाना किया। इसके बाद समर्थकों के साथ मंदिरों का आशीर्वाद लेते हुए वह कलक्ट्रेट नामांकन के लिए पहुंचें।