जब मुलायम ने मैनपुरी के एक खेत में उतरवा दिया था हेलीकाप्टर, जानिए क्या है वो रोचक किस्सा
UP Assembly Election 2022 वर्ष 1996 के विधानसभा चुनाव में मैनपुरी जिले की सुरक्षित विधानसभा सीट किशनी से रामेश्वर दयाल बाल्मीकि सपा के प्रत्याशी थे। उनके समर्थन में मुलायम सिंह यादव की जनसभा का आयोजन किया गया था।
आगरा, जागरण टीम। नेताजी के नाम से मशहूर सियासत के बड़े खिलाड़ी मुलायम सिंह का अंदाज भी निराला है। मैनपुरी में खेतों में भी जनसभाएं की हैं। अपने एक प्रत्याशी पक्ष में जनसभा करने आए नेताजी ने बिना हेलीपैड के खेत में ही अपना हेलीकाप्टर उतरवा दिया था। उस चुनाव में सपा के प्रत्याशी को जीत हासिल हुई थी। यह किस्सा आज भी लोगों की जुबान पर आ जाता है।
वाकया वर्ष 1996 के विधानसभा चुनाव का है। तब जिले की सुरक्षित विधानसभा सीट किशनी से रामेश्वर दयाल बाल्मीकि सपा के प्रत्याशी थे। उनके समर्थन में मुलायम सिंह यादव की जनसभा का आयोजन किया गया था। गांव शमशेरगंज में लक्ष्मी गुप्ता के खेत में जनसभा स्थल निर्धारित था। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुलायम सिंह को लखनऊ से सड़क मार्ग से सभा में आना था। परंतु किन्हीं कारणोंवश वह समय पर नहीं निकल सके। इसके बाद वह मुलायम सिंह हेलीकाप्टर से पार्टी नेता अमर सिंह के साथ सीधे किशनी के शमशेरगंज पहुंच गए। पहले से कार्यक्रम न होने के चलते वहां हेलीपैड नहीं बना था। जिसके बाद मुलायम सिंह यादव ने जनसभा स्थल के पास ही खेत में हेलीकाप्टर उतरवा दिया था। जनसभा के आयोजकों में शामिल रहे शमशेरगंज निवासी मुन्ना खां बताते हैं कि उस समय हेलीकाप्टर का बहुत क्रेज था। साथ में नेताजी की लोकप्रियता भी जबर्दस्त थी। ऐसे में हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। मुलायम सिंह यादव ने बहुत जोशीला भाषण दिया था। उस चुनाव में सपा प्रत्याशी रामेश्वर दयाल बाल्मीकि 20 हजार से अधिक वोटों से विजयी रहे थे।