आगरा में 24 घंटे में चोरी की 14 घटनाओं को अंजाम देने वाले बेसुराग
छत्ता की वैध गली में सात दुकानों को निशाना बनाया। दरेसी नंबर दाें में तीन दुकानाें के ताले तोड़े। मनकामेश्वर मंदिर के पास वाली गली में तीन दुकानों को निशाना बनाया। सिकंदरा में सेवानिवृत्त मजिस्ट्रेट के घर को बनाया निशाना।
आगरा, जागरण संवाददाता। शहर में 24 घंटे के अंदर चोरी की 14 घटनाअों को अंजाम देने वालों का पुलिस सुराग नहीं लगा सकी है। सोमवार की रात को चोरों ने दरेसी नंबर के दो बाजार में तीन दुकानों के ताले तोड़ दिए थे। इसके अलावा वैद्य गली में सात दुकानों को निशान बनाया। सिकंदरा में बाल कल्याण समिति के सेवानिवृत्त मजिस्ट्रेट के घर को निशाना बनाया। चोरी की ताबड़तोड़ वारदाताें को अंजाम देने वाले चोरों के फुटेज हासिल करने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।
चोरों ने दरेसी नंबर दो के बाजार में सोमवार की आधी रात को तीन दुकानों को निशाना बनाया था। इसके अलावा अन्य दुकानों के भी ताले तोड़ने का प्रयास किया था। व्यापारियों के मुताबिक चोरों ने उन्हीं दुकानों को निशाना बनाया जिनकी बिक्री ज्यादा होती है। इससे आशंका है कि चोरी के पीछे किसी जानकार का हाथ है। पुलिस के शक की सुई दुकानों में काम करने वाले नौकरों से लेकर ग्राहक तक हैं। पुलिस बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल उसके हाथ कोई सुराग नहीं लगा है।
वहीं सिकंदरा में गैलाना रोड स्थित ओम नगर में सोमवार की आधी रात को चोरों ने बाल कल्याण समिति के पूर्व मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार कुलश्रेष्ठ के घर को निशाना बनाया। पूर्व मजिस्ट्रेट अस्पताल में भर्ती हैं। परिवार के लोग भी वहीं अस्पताल में थे। पुत्र मयंक के अनुसार सोमवार की रात 12 बजे वह घर पर कंबल लेने गया था। उस समय तक घर बंद था। सुबह घर लौटने पर ताले टूटे मिले थे। डेढ़ लाख रुपये और चार लाख रुपये के जेवरात ले गए। परिवार को आशंका है कि रेकी के बाद घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस अब कालोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।