संजय प्लेस से नगर निगम तक अंडरग्राउंड पार्किंग बनाने की तैयारी
जाम की समस्या से निजात के लिए उठाया जा रहा कदम संजय प्लेस की सड़कों और गलियों का जूनियर इंजीनियर कर रहे हैं सर्वे - 122 ब्लाक और छह एंपोरियम ब्लाक की गैलरी से हटेगा अवैध निर्माण और अतिक्रमण
आगरा, जागरण संवाददाता। संजय प्लेस और एमजी रोड के आसपास जाम की समस्या को खत्म करने के लिए अंडरग्राउंड पार्किंग बनाने की तैयारी चल रही है। मल्टीलेवल अंडरग्राउंड पार्किंग संजय प्लेस से लेकर नगर निगम के पार्क तक बनेगी। इस पर पांच से सात करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। पार्किंग स्थल के तीन से चार गेट होंगे। वहीं, तीस मार्च से 122 ब्लाक और छह एंपोरियम ब्लाक की गैलरी से अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाया जाएगा। नगर निगम और आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) संयुक्त अभियान चलाएगा। वहीं, संजय प्लेस की सड़कों और गलियों का निगम के जूनियर इंजीनियर सर्वे कर रहे हैं।
इंडियन इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी, कानपुर की टीम ने संजय प्लेस और एमजी रोड का सर्वे किया है। दोनों को बेहतर तरीके से विकसित किया जाएगा। पार्किंग की समस्या पर सबसे अधिक फोकस किया जाएगा। वहीं रोड और फुटपाथ से अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसी के चलते नगर निगम और प्रशासन की टीम ने पिछले सप्ताह अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया था। फिलहाल अभियान को कुछ दिनों के लिए रोक दिया गया है। नगरायुक्त निखिल टीकाराम ने बताया कि संजय प्लेस में रोड और फुटपाथ पर 222 जेनरेटर रखे हुए थे। अभी तक 24 जेनरेटर नहीं हटे हैं। तीस मार्च से हर ब्लाक पर हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जाएगा। निगम और एडीए की संयुक्त टीम कार्रवाई करेगी। शहीद स्मारक के आसपास की चार एंपोरियम ब्लाक की अधिकांश गैलरी पर दुकानें बन गई हैं। वर्ष 2007 में बना था प्रस्ताव
नगर निगम के पार्क में अंडरग्राउंड पार्किंग के निर्माण का पहली बार प्रस्ताव वर्ष 2007 में तैयार हुआ था, लेकिन इस प्रस्ताव को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।