झाड़-फूंक के झांसे में ढाई माह के बच्चे को ले भागी महिला Agra News
बाह के पातीपुरा के दंपती अबुल उलाह की दरगाह लेकर पहुंचे थे बेटे को। गुदड़ी मंसूर खां ले जाकर बच्चे को लेकर गायब हुई महिला मुकदमा दर्ज।
आगरा, जागरण संवाददाता। अजब घटना सामने आई है। दंपती को झाड़ फूंक का झांसा देकर एक महिला ने बातों में फंसा लिया। उनको गुदड़ी मंसूर खां ले जाकर महिला उनके ढाई माह के बच्चे को लेकर भाग गई। तलाश के बाद भी उसका सुराग न मिलने पर दंपती ने छत्ता थाने में मुकदमा लिखाया है।
बाह के पातीपुरा निवासी ग्यासीराम की पत्नी मछला देवी ने ढाई माह पहले एक बेटे को जन्म दिया था। उसकी तबियत खराब होने पर उन्होंने दिल्ली गेट स्थित एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां से एक सप्ताह पहले वे दिल्ली ले गए थे। शनिवार शाम को बेटे को लेकर ग्यासीराम और मछला आगरा आए। यहां किसी के कहने पर वे अबुल उलाह की दरगाह झाड़ा लगवाने ले गए थे। दरगाह के बाहर एक महिला मिल गई। उसने कहा कि वह उनके बच्चे का झाड़ फूंक कराएगी। उसके कहने पर दंपती अपने बच्चे को ऑटो से लेकर उसके साथ शाम सात बजे गुदड़ी मंसूर खां पहुंच गए। महिला झाड़ा लगवाने की कहकर बच्चे को अपने साथ गली में अंदर ले गई। दंपती को वहीं खड़े रहने को कहा था। काफी देर तक जब वह वापस नहीं आई तो उन्होंने तलाश की, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं हुई। वहां कोई झाड़ फूंक करने वाला भी नहीं था। दंपती ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने आसपास तलाश की। इसके बाद रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी बच्चे की तलाश की। सीओ छत्ता उदयराज सिंह ने बताया कि तहरीर के मुताबिक बच्चे को अगवा करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।